ताज़ा-ख़बर

कलश काली मंदिर में नेत्र जांच शिविर, प्रो. केपी सोरेन ने नीतू शर्मा के सामाजिक प्रयासों को सराहा

रिपोर्ट: MANISH 5 घंटे पहलेझारखण्ड

तेजस्विनी महिला संगठन की पहल पर 70 से अधिक लोगों की हुई आंखों की जांच, रेस्क्यू टीम के सफाईकर्मी भी हुए सम्मानित

कलश काली मंदिर में नेत्र जांच शिविर, प्रो. केपी सोरेन ने नीतू शर्मा के सामाजिक प्रयासों को सराहा

आदित्यपुर : नगर निगम के वार्ड संख्या-17 स्थित कलश काली मंदिर परिसर में रविवार को शारदा नेत्रालय और तेजस्विनी महिला संगठन के संयुक्त तत्वावधान में एकदिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि शिक्षाविद एवं झामुमो नेता प्रोफेसर कालीपद सोरेन उर्फ केपी सोरेन ने अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान स्थानीय पार्षद एवं तेजस्विनी महिला संगठन की अध्यक्ष नीतू शर्मा की पहल और सामाजिक कार्यों को विशेष रूप से सराहा गया। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का पौधा और अंगवस्त्र देकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। शिविर में जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष सह अधिवक्ता ओमप्रकाश, अधिवक्ता एसके स्वाई, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिवाकर झा, गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस उपाध्यक्ष इंद्रकांत झा, जितेंद्र कुमार, कैलाश पाठक समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

प्रो. केपी सोरेन ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा

मुख्य अतिथि प्रो. केपी सोरेन ने कहा कि समाज के जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने पार्षद नीतू शर्मा और तेजस्विनी महिला संगठन द्वारा लगातार किए जा रहे सामाजिक प्रयासों की सराहना की तथा भविष्य में ऐसे जनहित कार्यों के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। स्थानीय पार्षद नीतू शर्मा ने कहा कि वार्ड की जनता को बेहतर स्वास्थ्य और सामाजिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नेत्र जांच शिविर के माध्यम से लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है ताकि समय रहते आंखों से जुड़ी समस्याओं की पहचान और उपचार किया जा सके।

गाय को बचाने वाली रेस्क्यू टीम का भी सम्मान

कार्यक्रम के दौरान वार्ड 17 में शौचालय की टंकी में गिरी गाय को सुरक्षित बाहर निकालने वाले नगर निगम के सफाईकर्मियों और रेस्क्यू टीम के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में मंटू तोमर, विमल कुमार, सूरज मुखी, आशु मुखी, प्रदीप मुखी, अमित कुमार सिंह, अरुण हरिजन, सुभाष सोय और दीपक सिंह शामिल रहे। अतिथियों ने उनके साहसिक और मानवीय प्रयास की सराहना की। जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष ओमप्रकाश ने भी गौ रक्षा और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर नीतू शर्मा की पहल की प्रशंसा की। शारदा नेत्रालय एंड मेटरनिटी के डॉ. अनुराग, डॉ. स्मिता पति, डॉ. पूजा कुमारी शर्मा, डॉ. कोमल कुमारी और उनकी टीम ने दोपहर तक 50 से अधिक लोगों की आंखों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। शिविर में जरूरतमंद मरीजों के लिए उपचार और दवाइयों की व्यवस्था की गई। वहीं आवश्यकता पड़ने पर मरीजों के ऑपरेशन की निःशुल्क व्यवस्था किए जाने की जानकारी भी दी गई। समाचार लिखे जाने तक नेत्र जांच शिविर जारी था और स्थानीय लोगों में इसे लेकर काफी उत्साह देखा गया।

इन्हें भी पढ़ें.