ताज़ा-ख़बर

जमशेदपुर में नकली शराब कारोबार का भंडाफोड़, जेएलकेएम कार्यकर्ता गिरफ्तार

रिपोर्ट: VBN News Desk8 घंटे पहलेअपराध

फूलचांद मुर्मू बीते कई वर्षों से जमशेदपुर से नकली विदेशी शराब विशेष रूप से ब्लैक हॉर्स की तस्करी कर आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था।

जमशेदपुर में नकली शराब कारोबार का भंडाफोड़, जेएलकेएम कार्यकर्ता गिरफ्तार

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में नकली शराब के अवैध कारोबार पर नकेल कसते हुए आबकारी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने शनिवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के एक सक्रिय कार्यकर्ता फूलचांद मुर्मू को गिरफ्तार किया है। आरोपी पटमदा प्रखंड के जोबा गांव का निवासी है और कमलपुर थाना क्षेत्र स्थित काटिन चौक की सरकारी शराब दुकान में कर्मचारी के रूप में भी कार्यरत था। प्राप्त जानकारी के अनुसार फूलचांद मुर्मू बीते कई वर्षों से जमशेदपुर से नकली विदेशी शराब विशेष रूप से ब्लैक हॉर्स की तस्करी कर आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था। शनिवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने डिमना चौक से उसकी ऑल्टो कार का पीछा करना शुरू किया। करीब 17 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद जब टीम बोड़ाम थाना क्षेत्र के जोबा गांव के पास पहुंची तो उसे रोकने की कोशिश की गई। टीम को देखते ही आरोपी ने अपनी गाड़ी की रफ्तार तेज कर दी जिससे उसकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी। इस दुर्घटना में उसे मामूली चोटें आईं। बावजूद इसके टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। उसके वाहन की तलाशी लेने पर 10 पेटी नकली विदेशी शराब बरामद की गई। गिरफ्तारी के बाद फूलचांद मुर्मू की मेडिकल जांच कराई गई और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आबकारी विभाग का कहना है कि इस गिरफ्तारी के बाद नकली शराब के व्यापक नेटवर्क के कई और खुलासे होने की संभावना है। विभाग इस पूरे गिरोह को पकड़ने के लिए आगे की जांच में जुटा हुआ है।

इन्हें भी पढ़ें.