ताज़ा-ख़बर

बेटे ने पिता को भूत समझकर किया हमला

रिपोर्ट: VBN News Desk4 घंटे पहलेझारखण्ड

सिदगोड़ा में धारदार हथियार से पिता घायल, मानसिक स्थिति पर जांच जारी

बेटे ने पिता को भूत समझकर किया हमला

पूर्वी सिंहभूम। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के कृष्णा रोड (पद्मा रोड इलाके) में शुक्रवार देर रात एक बेटे ने अपने ही पिता पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के समय घर में चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और घर के मुखिया करण उर्फ करम सिंह को खून से लथपथ फर्श पर पड़ा पाया।

घायल को तुरंत एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरे जख्म हैं और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी निशांत सिंह ने दावा किया कि उसने अपने पिता को “भूत” समझकर हमला किया। वहीं, कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि निशांत नशे का आदी था और पैसे नहीं मिलने पर गुस्से में हमला कर दिया।

सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है और घटना में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया गया है। निशांत की मानसिक स्थिति संदिग्ध होने के कारण पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जरूरत पड़ने पर उसका मेडिकल और मनोवैज्ञानिक परीक्षण भी कराया जाएगा।

घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

इन्हें भी पढ़ें.