ताज़ा-ख़बर

गुमशुदा नविता महतो की तलाश में भटक रहा परिवार, पति व माता-पिता पहुंचे पद्मश्री छूटनी महतो के परिवार परामर्श केंद्र

रिपोर्ट: MANISH 2 घंटे पहलेझारखण्ड

18 जून से लापता है नविता, परिजनों ने लगाई मदद की गुहार, पद्मश्री छूटनी महतो ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा

गुमशुदा नविता महतो की तलाश में भटक रहा परिवार, पति व माता-पिता पहुंचे पद्मश्री छूटनी महतो के परिवार परामर्श केंद्र

सरायकेला : थाना क्षेत्र के पांड्रा गांव निवासी नविता महतो के गुमशुदा होने का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। पत्नी की तलाश में भटक रहे पति विजय महतो तथा नविता के माता-पिता मंगलवार को बिरबांस स्थित पद्मश्री छूटनी महतो के परिवार परामर्श केंद्र पहुंचे और मामले में सहायता की गुहार लगाई। सरायकेला थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार नविता महतो 17 जून 2026 को घर से मायके जाने की बात कहकर निकली थीं लेकिन देर रात तक न तो मायके पहुंचीं और न ही किसी रिश्तेदार के यहां उनका कोई पता चल सका। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। गुमशुदा महिला के पति विजय महतो ने आशंका जताई है कि उनकी पत्नी अपने दोनों बच्चों (9 वर्षीय बेटी और 3 वर्षीय बेटे) को छोड़कर उनके ही 16 वर्षीय नाबालिग चचेरे भाई के साथ प्रेम प्रसंग के कारण घर से चली गई है। उन्होंने बताया कि दोनों के एक साथ लापता होने से यह संदेह और गहरा हो गया है। हालांकि उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है। नविता महतो के माता-पिता ने कहा कि बेटी के अचानक लापता होने से पूरा परिवार सदमे में है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द उसकी खोजबीन करने की अपील की है। पद्मश्री छूटनी महतो ने परिवार परामर्श केंद्र में मामले को सुनने के बाद परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। छूटनी महतो ने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन और समाज के सहयोग से गुमशुदा महिला का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल सरायकेला पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और परिजन नविता महतो की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।

इन्हें भी पढ़ें.