ताज़ा-ख़बर

धर्म प्रचार कमिटी अकाली दल जमशेदपुर को मिला नया नेतृत्व, रविंदर सिंह बने प्रधान

रिपोर्ट: VBN News Desk6 घंटे पहलेझारखण्ड

गुरमत प्रचार, युवा जागरूकता और सेवा भावना को नई दिशा देने का संकल्प, सर्वसम्मति से हुआ चयन

धर्म प्रचार कमिटी अकाली दल जमशेदपुर को मिला नया नेतृत्व, रविंदर सिंह बने प्रधान

जमशेदपुर : सिख पंथ की मर्यादाओं, गुरमत सिद्धांतों और धर्म प्रचार की परंपरा को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से धर्म प्रचार कमिटी अकाली दल जमशेदपुर की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को मनीफिट सोखी कॉलोनी स्थित कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से वर्ष 2026 से 2029 तक के कार्यकाल के लिए भाई रविंदर सिंह को मुख्य सेवादार (प्रधान) तथा भाई रविंदर पाल सिंह को अंकेक्षक (ऑडीटर) चुना गया। बैठक की अध्यक्षता मौजूदा प्रधान जत्थेदार जरनैल सिंह ने की। चुनाव प्रक्रिया के दौरान पूर्व प्रधान भाई सुखदेव सिंह ने मुख्य सेवादार पद के लिए भाई रविंदर सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में स्वीकार कर अनुमोदित किया। इसी प्रकार अंकेक्षक पद के लिए भाई रविंदर पाल सिंह के नाम का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद संगत ने वाहेगुरु का शुक्राना अदा किया और नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि नए नेतृत्व में धर्म प्रचार कमिटी अकाली दल जमशेदपुर गुरमत प्रचार, सिख इतिहास के संरक्षण एवं प्रसार, युवाओं को धर्म से जोड़ने तथा समाज में सेवा, सिमरन और सरबत के भले की भावना को मजबूत करने के लिए और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगी। नवनियुक्त प्रधान भाई रविंदर सिंह ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ गुरु घर की सेवा का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की कृपा और संगत के सहयोग से वे गुरमत विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, युवाओं को सिख इतिहास एवं सिद्धांतों से जोड़ने तथा समाज में धार्मिक और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कमिटी का प्रत्येक कदम गुरु साहिब की शिक्षाओं और सिख मर्यादाओं के अनुरूप होगा। वहीं नवनियुक्त अंकेक्षक भाई रविंदर पाल सिंह ने कहा कि वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे तथा संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ धर्म प्रचार की गतिविधियों को और व्यापक बनाने में सहयोग करेंगे। बैठक में जत्थेदार जरनैल सिंह, पूर्व प्रधान भाई सुखदेव सिंह, भाई राम कृष्ण सिंह, भाई हरजीत सिंह, भाई गुरदीप सिंह, भाई अजीत सिंह, भाई प्रीतपाल सिंह, भाई अमृतपाल सिंह, भाई कुलदीप सिंह, भाई गुरदेव सिंह, भाई चरणजीत सिंह, भाई अवतार सिंह, भाई जस्सा सिंह, भाई जसबीर सिंह एवं भाई इंद्रजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का समापन पंथ की चढ़दी कला और समाज की सेवा के संकल्प के साथ हुआ।

इन्हें भी पढ़ें.