मुहर्रम से पहले पुलिस अलर्ट, सर्राफा कारोबारियों को सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर फोकस, नगर थाना की आपात बैठक में कारोबारियों को दिए गए अहम सुझाव

गिरिडीह : आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गिरिडीह नगर थाना पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रतन सिंह की अध्यक्षता में सर्राफा कारोबारियों के साथ एक महत्वपूर्ण आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में सर्राफा संघ के अध्यक्ष राहुल बर्मन, सचिव राजन बर्णवाल, कोषाध्यक्ष सचिन बर्मन, मो. आसिफ, उप सचिव राजीव तर्वे, रंजीत स्वर्णकार, जीतू बर्मन, कुंदन बर्मन सहित कई प्रतिष्ठित कारोबारी उपस्थित रहे। थाना प्रभारी रतन सिंह ने कहा कि हाल ही में पुलिस पदाधिकारियों के संपर्क नंबर वाले पोस्टर सभी सर्राफा प्रतिष्ठानों में लगाए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में कारोबारी सीधे पुलिस से संपर्क कर सकें। बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने निरीक्षण में सामने आई कमियों की जानकारी देते हुए बताया कि कई दुकानों में सीसीटीवी कैमरे या तो बंद पड़े हैं या उनका एंगल सही नहीं है। कुछ प्रतिष्ठानों में कैमरे लगे होने के बावजूद नियमित रूप से उनकी जांच नहीं की जा रही है जिससे आवश्यकता पड़ने पर फुटेज उपलब्ध नहीं हो पाती। उन्होंने कारोबारियों को निर्देश दिया कि कैमरों का एंगल इस प्रकार रखा जाए कि दुकान के अंदर के साथ-साथ बाहर मुख्य सड़क और आसपास की गतिविधियां भी रिकॉर्ड हो सकें। मुहर्रम के दौरान भीड़भाड़ और जुलूस मार्गों को देखते हुए सभी कैमरों को तत्काल दुरुस्त करने तथा रिकॉर्डिंग और बैकअप की नियमित जांच करने की सलाह दी गई। थाना प्रभारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण सीसीटीवी फुटेज न केवल दुकानदारों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है बल्कि किसी भी आपराधिक घटना की जांच और शहर की विधि-व्यवस्था बनाए रखने में भी पुलिस के लिए अत्यंत सहायक साबित होती है। वहीं सर्राफा संघ के अध्यक्ष राहुल बर्मन ने भरोसा दिलाया कि सभी व्यापारी पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पूर्ण पालन करेंगे और सुरक्षा मानकों के अनुरूप सीसीटीवी व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करेंगे। बैठक में त्योहार के दौरान पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी सहमति बनी।