किसान की बेटी का भारतीय सेना अग्निवीर में चयन, ट्रेनिंग के लिए ग्रामीणों ने किया रवाना
खुशी से भावुक हुए माता-पिता, गांव के लोगों में गर्व का माहौल

Manish हंटरगंज (चतरा): जिले के हंटरगंज प्रखंड अंतर्गत चकला पंचायत के कनौदी गांव की बेटी अंचल कुमारी अग्निवीर प्रशिक्षण के लिए रवाना हुई। उनके चयन से पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल है। ट्रेनिंग के लिए रवाना होने से पहले ग्रामीणों ने फूल-माला पहनाकर और शुभकामनाएं देकर उन्हें विदाई दी।अंचल कुमारी के पिता शिबू साव और माता बेबी देवी अपनी बेटी की उपलब्धि पर भावुक हो उठे। परिवार के लिए यह गौरव का क्षण इसलिए भी है क्योंकि इस घर के तीन बेटे पहले से ही देश की सेवा कर रहे हैं।
उन्हीं भाइयों से प्रेरणा लेकर अंचल ने भी सेना में जाने का सपना देखा और अपनी मेहनत तथा लगन के बल पर उसे साकार किया।अंचल ने अपनी सफलता का श्रेय बड़े भाई अवध कुमार के मार्गदर्शन, परिवार के सहयोग और सेल्फ स्टडी को दिया। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण और मेहनत हो तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
इस अवसर पर चकला पंचायत की मुखिया दीपा भारती, प्रोफेसर जरेन्द्र सिंह, शिक्षक प्रमोद कुमार सिंह, पूर्व मुखिया रामस्वरूप पासवान, संजय साहू, कारू यादव, दयानंद कुमार, सौरभ कुमार, अर्जुन साव, संकेत कुमार, लक्ष्मण कुमार, छोटू कुमार, रोहित कुमार, रामजन्म कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे। विदाई समारोह के दौरान "भारत माता की जय", "वंदे मातरम्" और "जय हिंद" के नारों से पूरा गांव गूंज उठा। बेटी को देश सेवा के लिए रवाना होते देख माता-पिता और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं, वहीं सभी ने उसके उज्ज्वल भविष्य और सफल प्रशिक्षण की कामना की।