आदित्य रेस्टोरेंट में एसडीएम की छापेमारी, दो जोड़ी युवक-युवती पुलिस हिरासत में
अनैतिक गतिविधियों की शिकायत पर हुई कार्रवाई, जांच के बाद होगी आगे की कानूनी कार्रवाई

मनोज प्रजापति हुसैनाबाद: हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत जपला-हैदरनगर मुख्य मार्ग स्थित आदित्य रेस्टोरेंट में गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी Sameer Alfred Murmu के नेतृत्व में औचक छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट के अलग-अलग कमरों से दो युवक और दो युवतियां मिलीं, जिन्हें पूछताछ के लिए हैदरनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
प्रशासन के अनुसार सभी युवक-युवतियां बालिग हैं। एसडीएम ने बताया कि जन समाधान कार्यक्रम के दौरान रेस्टोरेंट में कथित अनैतिक गतिविधियों के संचालन की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए छापेमारी की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है। यदि जांच में अनैतिक देह व्यापार अथवा किसी अन्य अवैध गतिविधि के प्रमाण मिलते हैं, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट के संचालन, आगंतुक रजिस्टर, कमरों के उपयोग तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना की सूचना फैलते ही क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। हालांकि प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जांच पूरी होने तक इंतजार करने की अपील की है।