लैम्प्स में धान बेचने पर मिलेगा ₹24.50 प्रति किलो मूल्य, बीडियो ने किसानों को किया जागरूक
बीडीओ ने चेतावनी दी कि वरीय अधिकारियों द्वारा किसी भी समय इस रिकॉर्ड की अचानक जांच की जा सकती है और नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

चैनपुर: शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी चैनपुर/जारी यादव बैठा ने प्रखंड के विभिन्न स्थानों और कितम बाजार में व्यापक दौरा कर किसानों को धान की बिक्री लैम्प्स में करने के लिए जागरूक किया। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसानों को उनके धान का उचित मूल्य ₹24.50 प्रति किलोग्राम मिल सके। बीडीओ यादव बैठा ने इस दौरान निजी धान खरीदारों को सख्त निर्देश जारी किए।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि कोई किसान उन्हें धान बेचता है तो खरीदार को अनिवार्य रूप से ₹24.50 प्रति किलोग्राम का मूल्य देना होगा।सभी धान खरीदने वाले दुकानदारों को अपनी दुकान में एक पंजी (रजिस्टर) रखना होगा।इस पंजी में धान बेचने वाले किसानों का नाम, संपर्क नंबर, और बेचे गए धान की मात्रा (वजन/किलोग्राम) का विस्तृत रिकॉर्ड रखना आवश्यक है।
बीडीओ ने चेतावनी दी कि वरीय अधिकारियों द्वारा किसी भी समय इस रिकॉर्ड की अचानक जांच की जा सकती है और नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निजी खरीदारों को निर्देश देने के साथ-साथ बीडीओ ने मौके पर उपस्थित किसानों को भी जागरूक किया। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने धान को सहकारी संस्था लैम्प्स में बेचें जहां उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित सही और बेहतर कीमत मिल सकेगी। इस जागरूकता अभियान का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र के किसानों को उनकी उपज का अधिकतम लाभ प्राप्त हो।