ताज़ा-ख़बर

झारखंड में फिल्म निर्माण को मिलेगा नया आयाम, SRFTI के सहयोग से कलाकारों को मिलेगा विश्वस्तरीय मंच : हेमन्त सोरेन

रिपोर्ट: नूतन 1 घंटे पहलेझारखण्ड

झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के बीच एमओयू, युवाओं के कौशल विकास और फिल्म उद्योग को मिलेगा बढ़ावा

झारखंड में फिल्म निर्माण को मिलेगा नया आयाम, SRFTI के सहयोग से कलाकारों को मिलेगा विश्वस्तरीय मंच : हेमन्त सोरेन

रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड फिल्म निर्माण की अपार संभावनाओं वाला राज्य है और यहां के प्रतिभाशाली एवं रचनात्मक युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने कहा कि झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआई), कोलकाता के बीच हुआ समझौता (एमओयू) राज्य के फिल्मकारों और कलाकारों को नई तकनीक, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। 51.jpg झारखंड मंत्रालय सभागार में आयोजित एमओयू हस्ताक्षर समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में फिल्म, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं के लिए असीम संभावनाएं हैं। सरकार का उद्देश्य राज्य की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें बेहतर अवसर और प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। 52.jpg मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में संथाली फिल्म 'आंगेन' को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है, जो झारखंड की प्रतिभा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यदि राज्य के कलाकारों को सही प्रशिक्षण और संसाधन मिलें तो भविष्य में झारखंड से कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के फिल्मकार और कलाकार सामने आएंगे।

उन्होंने कहा कि झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता और विविध लोकेशन फिल्म निर्माण के लिए बेहद अनुकूल हैं। 'दिल बेचारा', 'एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' और 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' जैसी फिल्मों की शूटिंग राज्य में हो चुकी है। प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक प्रकाश झा की शिक्षा-दीक्षा भी झारखंड से जुड़ी रही है, जो राज्य की संभावनाओं को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले युवाओं का लक्ष्य केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनना होता था, लेकिन अब फिल्म, मीडिया और क्रिएटिव इंडस्ट्री जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार और करियर की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) राज्य के युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा।

मुख्यमंत्री ने डॉ. रामदयाल मुंडा की प्रसिद्ध उक्ति "जे नाची से बाची" का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड के हर व्यक्ति में कोई न कोई कलाकार छिपा है। सरकार का प्रयास है कि इन प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें निखारा जाए और देश-दुनिया के सामने उनकी पहचान स्थापित की जाए। उन्होंने इस पहल को राज्य की कला, संस्कृति और फिल्म उद्योग के विकास की दिशा में एक नई शुरुआत बताते हुए सभी कलाकारों और युवाओं को शुभकामनाएं दीं।

इन्हें भी पढ़ें.