ताज़ा-ख़बर

सीसीएल में वित्तीय निर्णयों में एआई की भूमिका पर प्रशिक्षण, 52 वित्त अधिकारी हुए शामिल

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

डिजिटल लर्निंग और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में एआई आधारित वित्तीय निर्णय, पारदर्शिता और कार्यकुशलता पर हुआ मंथन

सीसीएल में वित्तीय निर्णयों में एआई की भूमिका पर प्रशिक्षण, 52 वित्त अधिकारी हुए शामिल

रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मानव संसाधन विकास (एचआरडी) विभाग की ओर से "Role of AI in Financial Decision" विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कोयला खनन उद्योग में वित्तीय निर्णय प्रक्रिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रभावी उपयोग से प्रतिभागियों को परिचित कराना था। इसमें सीसीएल के 52 वित्त अधिकारियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, पूर्व महाप्रबंधक (सिस्टम्स) एवं संकाय सदस्य सुरेश बेहरा, महाप्रबंधक (एचआरडी) एम.एफ. हक तथा निदेशक (वित्त) के तकनीकी सचिव संजय सिंह उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा ने कहा कि एआई के उपयोग से वित्तीय निर्णयों में पारदर्शिता, कार्यकुशलता और समयबद्धता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि बेंचमार्किंग और एआई आधारित कौशल संगठन के प्रदर्शन एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को और मजबूत बनाएंगे।

संजय सिंह ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता अब विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने संगठन में निरंतर प्रणालीगत सुधार के लिए एआई को अपनाने पर जोर दिया।

तकनीकी सत्र में सुरेश बेहरा ने वित्तीय निर्णय प्रक्रिया तथा प्रोसेस ऑप्टिमाइजेशन में एआई के व्यावहारिक अनुप्रयोगों की विस्तृत जानकारी दी। संवादात्मक शैली में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम ने डिजिटल लर्निंग और नवाचार के माध्यम से भविष्य के लिए सक्षम कार्यबल विकसित करने की दिशा में सीसीएल की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

इन्हें भी पढ़ें.