साइबर ठगी करने वाले 5 शातिर गिरफ्तार, लैपटॉप और 11 मोबाइल जब्त
सभी पांचों आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हजारीबाग : हजारीबाग पुलिस ने शहर के बाबा पथ (हुरहुरु) क्षेत्र में छापेमारी कर टाटा पावर ईवी चार्जिंग स्टेशन की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 5 शातिर साइबर बदमाशों को धर दबोचा। उनके पास से लैपटॉप, 11 मोबाइल फोन, फर्जी आईडी कार्ड और कई संदिग्ध कागजात बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमन कुमार को गत 15 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि बाबा पथ, हुरहुरु स्थित रामेन्द्र कुमार सिन्हा के किराए के मकान में कुछ संदिग्ध लोग रह रहे हैं और वहां संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं।इस महत्वपूर्ण सूचना के सत्यापन के बाद बड़ा बाजार ओपी प्रभारी मुकेश कुमार ने वरीय अधिकारियों को इससे अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमन कुमार के निर्देशानुसार एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
गठित छापामारी दल ने जब चिन्हित किराए के मकान की घेराबंदी की, तो वहां मौजूद पांचों संदिग्ध युवक भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, सतर्क पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर सभी को मौके पर ही दबोच लिया।तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से11 एंड्राइड मोबाइल फोन,01 लैपटॉप, टाटा पावर ईवी चार्जिंग स्टेशन के नाम से बने फर्जी आई-कार्डभारी मात्रा में संदिग्ध दस्तावेज और कागजात बरामद किया है
फ्रेंचाइजी के नाम पर करते थे मोटी रकम की ठगी पुलिस द्वारा कड़ाई से की गई पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया। उन्होंने खुलासा किया कि वे लोग फर्जी दस्तावेज और लेटरपैड तैयार कर भोले-भाले लोगों को टाटा पावर ईवी चार्जिंग स्टेशन की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देते थे। इसके एवज में वे ऑनलाइन और अन्य माध्यमों से लोगों से मोटी रकम की साइबर ठगी किया करते थे।इस संबंध में सदर (बड़ा बाजार) थाना में कांड संख्या 226/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
सभी पांचों आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार अपराधियों मे अमरजीत कुमार 21 वर्ष, पिता प्रमोद प्रसाद, निवासी गोडापर, थाना वारिसलीगंज, जिला नवादा बिहार, संजीव कुमार 19 वर्ष, पिता मिथिलेश प्रसाद, निवासी- गोडापर, थाना- वारिसलीगंज, जिला नवादा बिहार, संतु कुमार 34 वर्ष, पिता- गोपाल महतो, निवासी- गोडापर, थाना- वारिसलीगंज, जिला नवादा बिहार, प्रवीण कुमार 51 वर्ष, पिता सिद्धेश्वर प्रसाद, निवासी पार्वती, थाना काशीचक, जिला नवादा बिहार, राजू कुमार 21 वर्ष, पिता अवधेश कुमार, निवासी- बारा, थाना- बांद, जिला- नालंदा (बिहार) शामिल है।
छापामारी टीम में सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह, बड़ा बाजार ओपी प्रभारी मुकेश कुमार रजक, एसआई सुधीर कुमार, गौतम उरांव, तकनीकी शाखा के एएसआई शशि रंजन जायसवाल के अलावा अन्य सशस्त्र बल के जवान और चालक शामिल थे। हजारीबाग पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
एसपी ने कहा आम जनता से अपील की है कि किसी भी कंपनी की फ्रेंचाइजी या लोन आदि के नाम पर अनजान व्यक्तियों को पैसे ट्रांसफर करने से पहले उसकी आधिकारिक वेबसाइट और प्रमाणिकता की अच्छी तरह जांच अवश्य कर लें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें।