दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू के द्वादशा कार्यक्रम की तैयारियां उत्सव उपवन में पूरी
50 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद, सीएम हेमंत सोरेन रख रहे नजर

गिरिडीह: दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशा (श्राद्धकर्म) कार्यक्रम की तैयारियां उत्सव उपवन में पूरी कर ली गई हैं। 17 सितंबर को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यपाल संतोष गंगवार सहित राज्यभर से करीब 50 हजार लोगों के जुटने की संभावना है। इसके लिए पूरे राज्य में 50 हजार से अधिक निमंत्रण पत्र बांटे गए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद पूरी व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। भीड़ प्रबंधन के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और वाहनों की पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान चिह्नित किए गए हैं। डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. विमल कुमार लगातार कार्यक्रम स्थल का दौरा कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की समीक्षा कर रहे हैं।
भारी वाहनों की नो एंट्री
कार्यक्रम में VVIP/VIP मूवमेंट और भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात में बड़ा बदलाव किया है। अनुमंडल पदाधिकारी-सह-दंडाधिकारी के आदेश के अनुसार 17 सितंबर को सुबह 9 बजे से रात 11:59 बजे तक गिरिडीह शहरी क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि प्रतिबंध का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें ताकि कार्यक्रम में आने वाले किसी भी व्यक्ति को असुविधा न हो।