ताज़ा-ख़बर

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाशपर्व पर साकची में पांच दिवसीय प्रभात फ़ेरी का शुभारंभ

रिपोर्ट: VBN News Desk18 घंटे पहलेझारखण्ड

कल तारण गुरु नानक आया के जयकारों से गूंजा गुरु नानक नगर, 23 नवंबर तक विभिन्न क्षेत्रों में निकलेगी प्रभात फेरी

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाशपर्व पर साकची में पांच दिवसीय प्रभात फ़ेरी का शुभारंभ

जमशेदपुर : सिख धर्म के प्रथम गुरु साहिब श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाशपर्व को समर्पित धार्मिक आयोजनों की शुरुआत गुरुवार को साकची गुरुद्वारा साहिब की ओर से पांच दिवसीय प्रभात फेरियों के साथ हुई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ प्रभात फेरी में भाग लिया। गुरबाणी कीर्तन और गुरु साहिब की महिमा के गायन से क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया। पहली प्रभात फेरी का शुभारंभ प्रातःकाल साकची स्थित गुरु नानक नगर से हुआ। यहां स्थानीय निवासी सरदार हरदयाल सिंह एवं सरदार मोनी सिंह रंधावा ने अपने आवास पर प्रभात फेरी का स्वागत किया। उन्होंने संगत के लिए जलपान की सेवा भी निभाई। इसके बाद प्रभात फेरी क्षेत्र की विभिन्न गलियों से होकर आगे बढ़ी। इस दौरान श्रद्धालु रास्ते में जुड़ते गए और ‘कल तारण गुरु नानक आया’ के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा। इस अवसर पर साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने प्रकाशपर्व से पूर्व आयोजित होने वाली प्रभात फेरियों का रूट चार्ट भी जारी किया। गुरुद्वारा के प्रधान सरदार निशान सिंह एवं महामंत्री परमजीत सिंह काले ने बताया कि प्रभात फेरियों के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पिछली बैठक में विशेष उप-समिति गठित की गई थी। इसमें हरविंदर सिंह, प्रितपाल सिंह, सुरजीत सिंह छीते, परमजीत सिंह काले, बलबीर सिंह एवं दलजीत सिंह को शामिल किया गया है। उप-समिति के सदस्य हरविंदर सिंह ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 नवंबर को पुरानी काशीडीह एवं बगान एरिया, 21 नवंबर को न्यू काशीडीह एवं बाराद्वारी, 22 नवंबर को रिफ्यूजी कॉलोनी एवं सीतारामडेरा तथा 23 नवंबर को पुनः गुरु नानक नगर एवं ठाकुरबाड़ी रोड क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रतिदिन प्रभात फेरी सुबह तीन बजे गुरुद्वारा साहिब से प्रस्थान करेगी। आयोजन में नौजवान सभा, साकची स्त्री सत्संग सभा एवं सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्था का सहयोग मिल रहा है। उप-समिति के सदस्य प्रितपाल सिंह एवं सुरजीत सिंह छीते ने बताया कि प्रभात फेरियों का उद्देश्य गुरु नानक देव जी के प्रकाशपर्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के साथ उनके सार्वभौमिक सिद्धांतों को जीवन में अपनाने के लिए संगत को प्रेरित करना है। कमेटी की ओर से उन परिवारों के लिए भी व्यवस्था की गई है, जो अपने आवास पर प्रभात फेरी का स्वागत करना चाहते हैं। ऐसे परिवार 8210248895 पर संपर्क कर सकते हैं।

इन्हें भी पढ़ें.