एनआईटी जमशेदपुर के शोधार्थी राजकुमार मंडल को URSI RCRS-2026 में यंग साइंटिस्ट अवार्ड
कृषि क्षेत्रों में GNSS पोजिशनिंग की सटीकता पर शोध के लिए मिला सम्मान, संस्थान में खुशी

आदित्यपुर : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग के शोधार्थी और HEFA CSR परियोजना में प्रोजेक्ट असिस्टेंट राजकुमार मंडल को प्रतिष्ठित 7वें URSI Regional Conference on Radio Science (URSI RCRS-2026) में यंग साइंटिस्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मेलन 20 नवंबर 2026 को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ जियोमैग्नेटिज्म (IIG), नवी मुंबई में आयोजित हुआ। इस उपलब्धि से एनआईटी जमशेदपुर का नाम शोध एवं तकनीकी अनुसंधान के क्षेत्र में एक बार फिर चर्चा में आया है। राजकुमार मंडल को यह पुरस्कार उनके शोध पत्र Comparative Analysis of GNSS PPK Positioning Accuracy in Open and Canopy Agricultural Fields के लिए प्रदान किया गया। यह शोध कार्य हायर एजुकेशन फाइनेंसिंग एजेंसी (HEFA) द्वारा वित्तपोषित है। HEFA, केनरा बैंक और भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय का संयुक्त उपक्रम है। इस शोध में कृषि क्षेत्रों में ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम (GNSS) की प्रिसाइज पॉइंट काइनेमैटिक (PPK) पोजिशनिंग तकनीक की कार्यक्षमता का अध्ययन किया गया है। इसके तहत खुले कृषि क्षेत्रों और पेड़ों तथा फसलों की छतरी (Canopy) से ढके क्षेत्रों में लोकेशन निर्धारित करने की सटीकता की तुलनात्मक समीक्षा की गई। शोध में यह समझने का प्रयास किया गया है कि अलग-अलग भौगोलिक परिस्थितियों में GNSS आधारित पोजिशनिंग तकनीक किस प्रकार काम करती है। यह अनुसंधान प्रिसिजन एग्रीकल्चर, कृषि सर्वेक्षण, फसल निगरानी और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों में सटीक लोकेशन आधारित तकनीकों के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस सम्मान के माध्यम से GNSS पोजिशनिंग तकनीक के क्षेत्र में राजकुमार मंडल के शोध योगदान को मान्यता मिली है। इस उपलब्धि पर उनके शोध मार्गदर्शक एवं परियोजना के प्रधान अन्वेषक (Project PI) डॉ. सूरजित कुंडू ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने राजकुमार मंडल के कठिन परिश्रम और समर्पण की सराहना करते हुए प्रयोगशाला के सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयासों की भी प्रशंसा की। उन्होंने शोध कार्य के लिए वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने पर HEFA के प्रति आभार जताया। वहीं एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने राजकुमार मंडल और उनके शोध निर्देशक डॉ. सूरजित कुंडू को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संस्थान में उपलब्ध उत्कृष्ट शोध वातावरण, अकादमिक गुणवत्ता और अनुसंधान को प्रोत्साहित करने वाली संस्कृति का यह सम्मान परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान के युवा शोधकर्ता भविष्य में भी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देकर संस्थान और देश का गौरव बढ़ाएंगे। राजकुमार मंडल की यह उपलब्धि एनआईटी जमशेदपुर की शोध परंपरा और कृषि तथा उपग्रह नेविगेशन के क्षेत्र में हो रहे अनुसंधान को नई पहचान दिलाने वाली है।