किसानों की बर्बाद फसल पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने सरकार से मांगा मुआवजा
मधुश्री महतो की मांग : प्रभावित किसानों को बीमा राशि मिले, KCC ऋण शत-प्रतिशत हो माफ

सरायकेला : अकवान चक्रवात के प्रभाव से पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश ने सरायकेला-खरसावां जिले के किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। खेतों में पानी भर जाने से पकी हुई धान की फसल सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस स्थिति को लेकर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने किसानों के पक्ष में आवाज उठाते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन से तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। मधुश्री महतो ने कहा कि किसानों ने खाद, बीज, जुताई और रोपनी में अपनी जमा पूंजी के साथ कर्ज की राशि भी लगा दी थी। फसल तैयार होने के समय लगातार बारिश ने उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया। खेतों में खड़ी और काटकर रखी गई धान की फसल पानी में भीगकर खराब हो रही है। ऐसे में किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराने की आशंका है। जिला परिषद उपाध्यक्ष ने सरकार से मांग की है कि प्रशासन अविलंब गांव-गांव जाकर प्रभावित खेतों का निरीक्षण करे और फसल क्षति का वास्तविक आकलन कराए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है उन्हें नियमानुसार बीमा मुआवजे का भुगतान जल्द किया जाना चाहिए। इसके साथ ही मधुश्री महतो ने किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण को शत-प्रतिशत माफ करने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि फसल बर्बाद होने के बाद किसानों पर कर्ज का अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ना चाहिए। मधुश्री महतो ने चेतावनी दी कि यदि समय पर मुआवजा और राहत नहीं मिली तो प्रभावित किसान परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने राज्य सरकार से स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल राहत पैकेज घोषित करने की अपील की ताकि किसानों को इस प्राकृतिक आपदा से हुए आर्थिक नुकसान से उबरने में मदद मिल सके।