ताज़ा-ख़बर

पलामू के चैनपुर में एक दोस्त को बचाने कोयल नदी में उतरे चार दोस्त समेत पांच की हुई मौत, मुख्यमंत्री ने जताया दुख

रिपोर्ट: VBN News Desk10 घंटे पहलेझारखण्ड

पलामू के पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, सीडीपीओ व विधायक समेत बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे

पलामू के चैनपुर में एक दोस्त को बचाने कोयल नदी में उतरे  चार दोस्त समेत पांच की हुई मौत, मुख्यमंत्री ने जताया दुख

चार शव बरामद एक की खोज जारी

शैलेंद्र तिवारी / राघवेंद्र तिवारी

मेदिनीनगर / चैनपुर (पलामू) : पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के पतरिया खूर्द गांव में करमा पूजा के विसर्जन के दौरान कोयल नदी में चार लड़के डूब गए। पांचवें लड़़के की तलाश जारी है। समाचार के अनुसार पतरिया खूर्द के रहने वाले नितेश कुमार, विशाल कुमार सिंह, अमित कुमार ठाकुर, राजा सिंह व हेमंत कुमार करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने कोयल नदी गए थे।

नितेश कुमार सबसे पहले नदी की धारा में उतरा था। वह डूबने लगा। अपने दोस्त को डूबता देख बाकी चारों उसे बचाने के लिए नदी में उतर गए। लेकिन एक-एक करके वे सभी डूब गए। उन्हें डूबता देख आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शोर मचाकर अन्य ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों ने बच्चों को बचाने की कोशिश की। लेकिन ग्रामीण बच्चों को नहीं बचा पाए। ‌ ग्रामीणों ने नदी में छलांग लगाकर नितेश कुमार, विशाल कुमार, अमित कुमार व राजा सिंह के शव कोयल नदी से बाहर निकाले। लेकिन हेमंत कुमार का शव बरामद नहीं हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर शवों को नदी से निकाले गए। घटना कोयल व अमानत नदी के संगम स्थल पर घटना घटी है। बताया जाता है कि किसी भी लड़के को तैरना नहीं आता था। ग्रामीण एकजुट होकर कोयल नदी के तटवर्ती इलाके में जमा हैं। गढ़वा के डंडा इलाके तक पांचवें बच्चे को खोजने के लिए खूद अभियान चला रहे हैं। पलामू पुलिस भी पांचवें बच्चे को खोजने और बरामद करने के लिए इलाके में अभियान चला रही है। सभी मृतक बच्चे छात्र थे। एक इंटरमीडिएट का छात्र था। जबकि एक बच्चा मानसिक रूप से कमजोर था। पलामू पुलिस पांचवें बच्चे की खोज में मदद के लिए एसडीआरएफ से संपर्क किया है। इधर घटना की खबर मिलते ही पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी, स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडे, एसडीपीओ राजेश यादव, थाना प्रभारी लालजी सहित कई अन्य अधिकारी व विभिन्न दलों के नेता घटनास्थल पर पहुंचे व पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। इधर गांव में शोक व अफरा-तफरी का माहौल है। परिजनों के क्रंदन व चीत्कार से माहौल पूरा गमगीन हो गया है। अमित ठाकुर के चाचा ने बताया कि लड़के करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने कोयल नदी में उतरे थे। नितेश सबसे पहले उतरा। उसके बाद अमित उसे बचाने के लिए गया। इस तरह वे सभी एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में नदी में उतरे व डूब गए। इधर एसडीपीओ राजेश यादव ने कहा कि चार बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। सभी को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सूचना मिली थी कि गढ़वा के डंडा इलाके में एक शव देखा गया है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। नदी के किनारे वाले इलाके में पांचवें बच्चे की तलाश जारी है।

पलामू पुलिस अधीक्षक परिजनों से मिल जताया शोक

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी घटना को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल की जानकारी ली व स्वयं मृतकों के परिजनों से मिले। उन्होंने परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस अत्यंत दुख की घड़ी में पलामू पुलिस परिवार के साथ खड़ा है। पुलिस अधीक्षक ने अपने स्तर से तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की व हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर जताया दुख

घटना को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी दुख जताया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट कर इस घटना के प्रति दुख प्रकट किया है। उन्होंने लिखा- पलामू में करम डाली विसर्जन के दौरान हुए हादसे में कुछ लोगों के नदी में डूबने का समाचार अत्यंत दुखद व पीड़ादायक है। पीड़ादायक घटना में जान गंवाने वाले सभी मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मरांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति व शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

इन्हें भी पढ़ें.