ताज़ा-ख़बर

कुएं में गिरने से पांच वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, इलाके में मातम

रिपोर्ट: VBN News Desk13 घंटे पहलेझारखण्ड

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मासूम शिवम कुएं में कैसे गिरा।

कुएं में गिरने से पांच वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, इलाके में मातम

पूर्वी सिंहभूम: परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर स्थित बजरंग नगर में रविवार देर रात एक हृदयविदारक हादसे में पांच वर्षीय मासूम की कुएं में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवम केवरतो के रूप में हुई है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात अचानक बस्ती में हड़कंप मच गया जब लोगों को पता चला कि एक मासूम बच्चा कुएं में गिर गया है। देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। परिजन बदहवास हालत में बच्चे को बचाने की गुहार लगाते रहे। स्थानीय लोगों ने तत्काल परसुडीह थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य के लिए टाटा स्टील की सुरक्षा टीम से संपर्क किया गया। पुलिस के आग्रह पर टाटा स्टील सुरक्षा विभाग के मशहूर तैराक मजहरूल बारी करीब 30 फीट गहरे कुएं में उतरे और जान जोखिम में डालकर कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। काफी देर हो चुकी थी और मासूम की सांसें थम चुकी थीं।

बच्चे का शव बाहर आते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां की चीत्कार और परिजनों का क्रंदन देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी भर आईं। पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मासूम शिवम कुएं में कैसे गिरा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इन्हें भी पढ़ें.