ताज़ा-ख़बर

गिरिडीह में अवैध आरा मिल पर वन विभाग का बड़ा एक्शन, लाखों की लकड़ी व मशीनरी जब्त

रिपोर्ट: Amit Sahay7 घंटे पहलेझारखण्ड

जमुआ वन प्रक्षेत्र की सख्त कार्रवाई, बिना अनुमति संचालित आरा मिल ध्वस्त, संचालक पर होगी कानूनी कार्रवाई

गिरिडीह में अवैध आरा मिल पर वन विभाग का बड़ा एक्शन, लाखों की लकड़ी व मशीनरी जब्त

गिरिडीह : जिले के जमुआ वन प्रक्षेत्र अंतर्गत अहारडीह गांव में वन विभाग ने अवैध रूप से संचालित आरा मिल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त कर दिया। छापेमारी के दौरान विभाग ने करीब एक लाख रुपये मूल्य की लकड़ियां, जनरेटर, आरा मशीन सहित अन्य उपकरण जब्त किए हैं। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध आरा मिल संचालकों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार वन क्षेत्र पदाधिकारी सुरेश राम के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अहारडीह गांव में छापेमारी की। जांच के दौरान यह पाया गया कि संबंधित आरा मिल बिना किसी वैध अनुमति के संचालित की जा रही थी। इसके बाद वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरा मिल को ध्वस्त कर दिया और वहां मौजूद सभी उपकरणों व लकड़ियों को जब्त कर लिया। वन विभाग के फॉरेस्टर कुमार मंगलम ने बताया कि जब्त लकड़ियों की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरा मिल में उपयोग किए जा रहे जनरेटर, मशीनरी तथा अन्य उपकरणों को भी विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने कहा कि अवैध आरा मिल संचालक के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम एवं अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की अवैध कटाई, परिवहन और बिना अनुमति संचालित आरा मिलों के खिलाफ भविष्य में भी अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी देते हुए कहा कि जंगलों की सुरक्षा से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग की इस कार्रवाई को अवैध लकड़ी कारोबार पर प्रभावी प्रहार माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस तरह नियमित अभियान चलाया जाता रहा तो वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकेगी।

इन्हें भी पढ़ें.