झारखंड सरकार पर भड़के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, कहा : अब क्या रेपिस्ट को भी इनाम देगी सरकार?
उन्होंने लिखा क्या यही दिन देखने के लिए अलग झारखंड राज्य बनाया गया था?

सरायकेला : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक बयान जारी करते हुए बोकारो में हुई एक आपराधिक घटना को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं। चंपई सोरेन ने लिखा कि तो क्या रेपिस्ट को इनाम देगी झारखंड सरकार? उन्होंने आरोप लगाया कि बोकारो जिले में एक मुस्लिम युवक (अब्दुल) द्वारा एक आदिवासी महिला के साथ बलात्कार की कोशिश की गई। महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोग पहुंचे और हाथापाई के दौरान आरोपी की मौत हो गई। पूर्व सीएम ने कहा कि आत्मरक्षा का अधिकार हर किसी को है और ऐसे अपराधियों से किसी को सहानुभूति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने झारखंड सरकार पर हमला बोलते हुए लिखा कि अगले दिन एक मंत्री ने आरोपी के परिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से 1 लाख, मुख्यमंत्री की ओर से 1 लाख, और सरकार की ओर से 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के साथ स्वास्थ्य विभाग में नौकरी देने की घोषणा कर दी। सोरेन ने इस कदम को वोट बैंक की राजनीति बताते हुए आदिवासी समाज के साथ विश्वासघात कहा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार अब बलात्कार के आरोपियों को इनाम देगी? क्या इससे रेपिस्टों को प्रोत्साहन नहीं मिलेगा? क्या हमारी बेटियाँ और अधिक असुरक्षित नहीं हो जाएंगी? उन्होंने लिखा क्या यही दिन देखने के लिए अलग झारखंड राज्य बनाया गया था? जागो आदिवासियों, जागो! चंपई सोरेन के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है और सरकार से इस मामले में जवाबदेही की माँग उठ रही है।