झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने विस्थापितों के हक में डीसी को सौंपा मांग-पत्र
दीपक महतो ने कहा : स्थायी नियोजन, मुआवज़ा और सीएसआर में पारदर्शिता ज़रूरी

सरायकेला-खरसावां : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के जिला अध्यक्ष दीपक महतो ने शुक्रवार को उपायुक्त सरायकेला-खरसावां को विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर एक मांग-पत्र सौंपा। मांगों में मुख्य रूप से टाटा स्टील और टाटा लॉन्ग प्रोडक्ट जैसी औद्योगिक इकाइयों से संबंधित विस्थापितों और श्रमिकों के हक की बात की गई है। दीपक महतो ने आवेदन में पांच प्रमुख मांगें रखीं जिसमें टाटा स्टील, गम्हरिया में विस्थापितों को पीढ़ी दर पीढ़ी स्थायी नियोजन दिया जाए, एप्रेंटिस बहाली में खतियान धारियों को प्राथमिकता मिले, प्रभावित क्षेत्रों में सीएसआर के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क निर्माण में तेज़ी लाई जाए, टिस्को ग्रोथ शॉप गम्हरिया में 10 वर्षों से कार्यरत कैंटीन मज़दूरों को स्थायी किया जाए तथा टाटा लॉन्ग प्रोडक्ट, गम्हरिया में कार्यरत दिवंगत मज़दूर हरिपद महतो के परिवार को मुआवज़ा और नौकरी दी जाए। दीपक महतो ने कहा कि इन मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो संगठन जन आंदोलन के रास्ते पर जाएगा। उन्होंने विस्थापितों और स्थानीय जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रशासन से तत्काल पहल की मांग की है। इस मौके पर जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह सरायकेला विधानसभा प्रत्याशी प्रेम मार्डी, कोल्हान अध्यक्ष नवीन महतो सहित जेएलकेएम कार्यकर्ताओं ने डीसी कार्यालय के बाहर अपनी एकजुटता भी दिखाई।