ताज़ा-ख़बर

करोड़ों की दो पीसीसी सड़क योजनाओं का शिलान्यास, विधायक रामचंद्र सिंह ने किया भूमि पूजन

रिपोर्ट: अकरम 1 घंटे पहलेझारखण्ड

छेचा और अहिरपुरवा को मिलेगी बेहतर सड़क सुविधा, ग्रामीणों में खुशी की लहर

करोड़ों की दो पीसीसी सड़क योजनाओं का शिलान्यास, विधायक रामचंद्र सिंह ने किया भूमि पूजन

बरवाडीह, लातेहार : बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली दो पीसीसी सड़क निर्माण योजनाओं का स्थानीय विधायक एवं झारखंड विधानसभा सभापति रामचंद्र सिंह ने भूमि पूजन कर विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी भी मौजूद रहीं। पहली योजना के तहत छेचा पंचायत में पीडब्ल्यूडी रोड से यादव टोला होते हुए आरईओ रोड तक पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। वहीं दूसरी योजना के अंतर्गत अहिरपुरवा टोला में श्मशान घाट से मस्जिद होते हुए विद्युत पोल मार्ग तक पीसीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। दोनों योजनाओं के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि विशेषकर बरसात के मौसम में सड़क की खराब स्थिति के कारण आवागमन में काफी परेशानी होती थी। सड़क निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी आसान हो जाएगी। इस अवसर पर विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से लंबित एवं अधूरी विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के अन्य महत्वपूर्ण मार्गों का भी निर्माण कराया जाएगा ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी ने कहा कि जिला परिषद मद एवं विधायक के सहयोग से क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिल रहा है और गांवों की तस्वीर बदल रही है। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी रेशमा रेखा मिंज, थाना प्रभारी अनुराग कुमार, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष नसीम अंसारी, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष प्रिंस राज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने योजनाओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण की उम्मीद जताई।

इन्हें भी पढ़ें.