ताज़ा-ख़बर

योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, बरवाडीह प्रखंड कार्यालय में लगा विशेष योग शिविर

रिपोर्ट: अकरम 1 घंटे पहलेझारखण्ड

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, बरवाडीह प्रखंड कार्यालय में लगा विशेष योग शिविर

बरवाडीह, लातेहार : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को लातेहार उपायुक्त के निर्देशानुसार बरवाडीह प्रखंड कार्यालय परिसर में एक दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। योग शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी रेशमा रेखा मिंज, अंचलाधिकारी लवकेश सिंह, प्रमुख सुशीला देवी, बीस सूत्री अध्यक्ष नसीम अंसारी, सब-इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह, पंचायत समिति सदस्य प्रवीण कुमार, सांसद प्रतिनिधि दीपक राज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। इस दौरान योग के शारीरिक और मानसिक लाभों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। कार्यक्रम में राजस्व कर्मचारी, अंचल अमीन, कंप्यूटर ऑपरेटर, जेएसएलपीएस कर्मी एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। पूरे परिसर में योग के प्रति उत्साह और जागरूकता का माहौल देखने को मिला। शिविर के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने तथा स्वस्थ, निरोग और तनावमुक्त जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी संदेश दिया।

इन्हें भी पढ़ें.