आदित्यपुर वार्ड 15 में कचरे का अंबार, मच्छर और दुर्गंध से बीमारी का खतरा
महीने में एक-दो बार पहुंचती है कचरा गाड़ी, परेशान लोगों ने निगम से मांगी नियमित सफाई

आदित्यपुर : नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 15 स्थित निर्मल नगर में सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नियमित कचरा उठाव नहीं होने के कारण इलाके में जगह-जगह कचरे के ढेर जमा हैं। लंबे समय से पड़े कचरे के सड़ने से तेज दुर्गंध फैल रही है, वहीं मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। इससे डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ी नियमित रूप से नहीं पहुंचती। कई बार महीने में केवल एक या दो बार वाहन आने के कारण घरों और आसपास जमा कचरा लंबे समय तक पड़ा रहता है। कचरे के कारण नालियां भी जाम हो रही हैं और बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या बढ़ रही है। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर लोगों की चिंता ज्यादा है। वार्डवासियों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय पार्षद और नगर निगम के अधिकारियों से मौखिक एवं लिखित शिकायत की गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने तत्काल नियमित कचरा उठाव, नालियों की सफाई, मच्छररोधी दवा का छिड़काव और जमा कचरे का निस्तारण कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने निगम प्रशासन से वार्ड 15 में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और शिकायतों का त्वरित समाधान करने की मांग की है।