ताज़ा-ख़बर

त्योहारों को लेकर गिरिडीह प्रशासन अलर्ट, SDM की अध्यक्षता में बैठक

रिपोर्ट: VBN News Desk9 घंटे पहलेझारखण्ड

ट्रैफिक डायवर्जन और 7 पार्किंग स्थल तय

त्योहारों को लेकर गिरिडीह प्रशासन अलर्ट, SDM की अध्यक्षता में बैठक

गिरिडीह: आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी-सह-अनुमंडल दंडाधिकारी धीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में भीड़ प्रबंधन, पंडालों की सुरक्षा, पार्किंग, अग्नि सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में SDPO, HQ-1 DSP, BDO, CO, कार्यपालक दंडाधिकारी, टाउन, मुफस्सिल, पचम्बा थाना प्रभारी और नगर निगम के अधिकारी मौजूद थे।

पूजा पंडालों के लिए सख्त निर्देश SDM ने सभी पूजा समितियों को सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। सभी पंडालों में सीसीटीवी, कंट्रोल रूम, अग्निशमन यंत्र, अलग-अलग प्रवेश व निकास द्वार, महिला-पुरुष वॉलंटियर्स की तैनाती और आपात निकासी की स्पष्ट व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी का निर्देश दिया गया।

13 जगहों पर रूट डायवर्जन और बैरिकेडिंग

शहर में जाम रोकने के लिए पिछले वर्ष की तरह इस बार भी वन-वे और प्रवेश निषेध लागू रहेगा। मोबाइल गली, टावर चौक से मधुबन मार्ग, मकतपुर से बजरंग चौक, काली बाड़ी से मकतपुर चौक, बजरंग चौक से बीबीसी चौक, मछली पट्टी से बस स्टैंड और गांधी चौक से बड़ा चौक पर वन-वे व्यवस्था रहेगी। वहीं टावर चौक, पदम चौक, बभनटोली, बरमसिया चौक, वीर कुंवर सिंह चौक से 100 मीटर आगे और तिरंगा चौक पर बैरिकेडिंग कर प्रवेश निषेध किया जाएगा।

7 जगहों पर पार्किंग बस स्टैंड टेंपो स्टैंड, अंटा बंगला मैदान, बरमसिया अपकारी मैदान, झंडा मैदान, कोलडीहा ओल्ड बस स्टैंड, सर्कस मैदान और ओल्ड जेल परिसर में पार्किंग तय की गई है। स्टेशन रोड में भीड़ कम करने के लिए अंटा बंगला मैदान में पार्किंग को लेकर DRM से वार्ता चल रही है।

बड़े वाहनों पर प्रतिबंध 15 से 17 अक्टूबर तक सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक और 18 से 21 अक्टूबर तक सुबह 9 बजे से रात 2 बजे तक शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। SDM ने आम लोगों से नियमों का पालन कर त्योहार शांतिपूर्ण मनाने में सहयोग की अपील की है।

इन्हें भी पढ़ें.