18 घंटे तक बिजली संकट से जूझा गिरिडीह, उपायुक्त ने संभाली कमान
तेज गर्मी और रोड चौड़ीकरण से क्षतिग्रस्त हुई बिजली लाइनें, युद्धस्तर पर बहाली कार्य जारी

गिरिडीह : भीषण गर्मी के बीच गिरिडीह जिले के कई इलाकों में करीब 18 से 20 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार तेज गर्मी, आंधी और पचम्बा रोड चौड़ीकरण कार्य के दौरान करहरबारी पावर ग्रिड एवं बस स्टैंड पावर सब स्टेशन की विद्युत लाइनों के क्षतिग्रस्त हो जाने से जिले की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव स्वयं मैदान में उतरे और प्रभावित क्षेत्रों तथा पावर ग्रिड स्टेशनों का निरीक्षण कर अधिकारियों को शीघ्र बिजली बहाल करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने करहरबारी पावर ग्रिड, बस स्टैंड पावर सब स्टेशन और डांडीडीह पावर ग्रिड स्टेशन पहुंचकर तकनीकी खामियों एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेज हवा और अत्यधिक गर्मी के साथ-साथ सड़क चौड़ीकरण कार्य के कारण कई जगहों पर 33 केवीए लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। कई बिजली पोल और ओवरहेड तार भी टूट गए जिससे आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हुई। उपायुक्त रामनिवास यादव ने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बिजली बहाली कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस दौर में लोगों को बिजली संकट से राहत देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करने को कहा। स्थिति को सामान्य करने के लिए विद्युत विभाग द्वारा शहर क्षेत्र में 45 मैनपावर की विशेष टीम लगाई गई है। ये कर्मी लगातार फील्ड में रहकर क्षतिग्रस्त तारों, पोल और अन्य तकनीकी संरचनाओं की मरम्मत में जुटे हुए हैं। प्रशासन और बिजली विभाग संयुक्त रूप से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं ताकि जल्द से जल्द सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य की जा सके। उपायुक्त ने प्रभावित मोहल्लों का भी दौरा कर आम लोगों की समस्याओं की जानकारी ली और मरम्मत कार्य में लगे कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। बिजली संकट के कारण लोगों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और अन्य दैनिक जरूरतों में भी परेशानी उठानी पड़ी। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता शकील आलम, कार्यपालक अभियंता मृणाल गौतम, सहायक अभियंता सुरजीत उपाध्याय सहित विद्युत विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए जल्द स्थिति सामान्य होने का भरोसा दिलाया।