गिरिडीह वार्ड-18 गोलीकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी शिवम आजाद समेत पांच गिरफ्तार
चुनाव बाद हिंसा पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, एसआईटी गठन कर देशी पिस्टल व कारतूस बरामद

गिरिडीह : नगरपालिका आम चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण मतदान के बाद वार्ड-18 में हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी शिवम आजाद समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने संयुक्त प्रेस वार्ता में कार्रवाई की जानकारी दी। प्रशासन ने बताया कि घटना की संवेदनशीलता और चुनाव के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर जितवाहन उँरांव के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। चार अलग-अलग छापेमारी टीमों ने विभिन्न ठिकानों पर कार्रवाई कर शिवम कुमार श्रीवास्तव उर्फ शिवम आजाद (42), अमित विश्वकर्मा (43), आकाश हाड़ी (32), मंजीत पासवान (28) और किशोर पासवान (26) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। घटना सोमवार शाम मतदान समाप्ति के बाद हुई थी जिसमें फायरिंग से दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज धनबाद में चल रहा है। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी सुनील भास्कर दो दिनों तक गिरिडीह में कैंप कर जांच की मॉनिटरिंग करते रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चुनावी प्रक्रिया के बाद किसी भी प्रकार की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इधर गोलीकांड के बाद राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने शिवम श्रीवास्तव उर्फ शिवम आजाद को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संलिप्त लोगों की भी पहचान की जा रही है।