ताज़ा-ख़बर

झारखंड के तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बनेगा ग्लास ब्रिज, मिलेगा रोमांचक अनुभव, परामर्शी कंपनी कर रही विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार

रिपोर्ट: अकरम 26 दिन पहलेयोजनाए

पर्यटन विभाग ने राजगीर में ग्लास ब्रिज निर्माण करने वाली परामर्शी कंपनी से संपर्क किया है।

झारखंड के तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बनेगा ग्लास ब्रिज, मिलेगा रोमांचक अनुभव, परामर्शी कंपनी कर रही विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार

रांची : झारखंड के पर्यटकों को जल्द ही एक नया और रोमांचक अनुभव मिलेगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर राज्य के तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों पर ग्लास ब्रिज और स्काई वॉक की सुविधा शुरू करने की योजना बनाई गई है। यह पहल बिहार के राजगीर की तर्ज पर की जा रही है, जिससे झारखंड का पर्यटन क्षेत्र एक नए आयाम को प्राप्त करेगा।

ग्लास ब्रिज निर्माण के लिए चयनित स्थान

पर्यटन विभाग ने रांची जिले के दशम फॉल, हुंडरू फॉल और नेतरहाट के मंगोलिया प्वाइंट को ग्लास ब्रिज निर्माण के लिए चुना है। इन स्थलों पर निर्माण के लिए आवश्यक भूमि का अधिग्रहण कर लिया गया है।

परामर्शी कंपनी कर रही विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार

पर्यटन विभाग ने राजगीर में ग्लास ब्रिज निर्माण करने वाली परामर्शी कंपनी से संपर्क किया है। कंपनी को इन स्थानों के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट में पर्यटकों की संभावित संख्या, साइट की भौगोलिक और तकनीकी जानकारी, भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया, ग्लास ब्रिज का डिज़ाइन और निर्माण की लागत, सुरक्षा मानकों और मेंटेनेंस का मॉडल तथा पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा आदि जानकारी शामिल की जाएगी। पर्यटन विभाग का मानना है कि झारखंड में ग्लास ब्रिज और स्काई वॉक जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं राज्य को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करेंगी। इससे न केवल राज्य के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

देश में केवल दो स्थानों पर है ग्लास ब्रिज

भारत में अब तक केवल दो स्थानों सिक्किम के पेलिंग और बिहार के राजगीर में ग्लास ब्रिज मौजूद हैं। झारखंड में यह सुविधा शुरू होने से यह देश का तीसरा राज्य बन जाएगा जहां पर्यटकों को इस अद्वितीय अनुभव का मौका मिलेगा। यह पहल झारखंड को एक नई पहचान देने के साथ-साथ राज्य के पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आकर्षण का केंद्र बनाएगी।

इन्हें भी पढ़ें.