ताज़ा-ख़बर

झारखंड में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में विशेष चेतावनी

रिपोर्ट: VBN News Desk19 मिनट पहलेझारखण्ड

पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

झारखंड में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में विशेष चेतावनी

रांची: झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में मंगलवार और बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं, 20 और 21 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 नवंबर को दक्षिणी झारखंड के चार जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, 21 नवंबर को मध्यवर्ती और पश्चिमी झारखंड के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश हो सकती है।

इससे पहले पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस खूंटी में रिकॉर्ड किया गया।

सोमवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह मौसम साफ रहा। हालांकि, दोपहर बाद आसमान में आंशिक रूप से बादल छा गए। तेज धूप के कारण दोपहर में गर्मी महसूस की गई, जबकि सुबह कुहासा रहने से ठंड का एहसास हुआ।

सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 31.3 और न्यूनतम 17.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32 और न्यूनतम 16.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 29.5 और न्यूनतम 16.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 32.4 और न्यूनतम 16.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

इन्हें भी पढ़ें.