ताज़ा-ख़बर

गुमो छठ घाट पर भगवान भास्कर की प्रतिमा स्थापित,अनोखे अंदाज में हुआ उद्घाटन,पहले पहुंचने वाले व्रति ने काटा फीता

रिपोर्ट: VBN News Desk11 मिनट पहलेझारखण्ड

समिति की इस पहल ने आयोजन को खास बना दिया। छठ महापर्व में व्रतियों की आस्था, तपस्या, त्याग और समर्पण का विशेष महत्व है।

गुमो छठ घाट पर भगवान भास्कर की प्रतिमा स्थापित,अनोखे अंदाज में हुआ उद्घाटन,पहले पहुंचने वाले व्रति ने काटा फीता

झुमरी तिलैया : झुमरी तिलैया नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत गुमो बरवाडीह में छठ पूजा समिति की ओर से छठ महापर्व के अवसर पर भगवान सूर्य (भास्कर) की आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई थी। प्रतिमा की स्थापना के साथ ही पूरे छठ घाट को आकर्षक विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। रोशनी से जगमगाता घाट और भगवान भास्कर की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही।

घाट पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने प्रतिमा के दर्शन किए और आकर्षक सजावट की सराहना की। प्रतिमा के उद्घाटन को लेकर छठ पूजा समिति ने इस बार एक अनूठी और सराहनीय पहल की। आमतौर पर किसी विशिष्ट अतिथि, जनप्रतिनिधि या गणमान्य व्यक्ति से उद्घाटन कराने की परंपरा से अलग हटकर समिति ने छठ व्रतियों को विशेष सम्मान देने का निर्णय लिया। इसके तहत पूजा की डलिया लेकर सबसे पहले छठ घाट पहुंचने वाली व्रती के हाथों फीता कटवाकर भगवान भास्कर की प्रतिमा का विधिवत उद्घाटन कराया गया।

समिति की इस पहल ने आयोजन को खास बना दिया। छठ महापर्व में व्रतियों की आस्था, तपस्या, त्याग और समर्पण का विशेष महत्व है। ऐसे में सबसे पहले घाट पहुंचने वाली व्रती के हाथों प्रतिमा का उद्घाटन कराना उनके प्रति सम्मान और श्रद्धा प्रकट करने का अनूठा प्रयास रहा। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने समिति के इस निर्णय की जमकर सराहना की। वहीं सोमवार को हवन कार्यक्रम के उपरांत विधि-विधान के साथ भगवान भास्कर की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।

समिति के सदस्यों ने पूरे पर्व के दौरान घाट पर साफ-सफाई, रोशनी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो सके। आयोजन को सफल बनाने में इनका रहा योगदान आयोजन को सफल बनाने में विकास विश्वकर्मा, दीपक यादव, प्रकाश राम, सोनू वर्मा, कुलदीप यादव, कमल वर्मा, संजय वर्मा एवं बजरंगीलाल विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा।

मौके पर नगर परिषद के उपाध्यक्ष मनोहर राम, वार्ड पार्षद मनोज वर्मा, सीताराम कुशवाहा,दिनेश सिंह,रंजीत शर्मा, महेश वर्मा,निरंजन सिंह समेत कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित थे। छठ महापर्व के समापन के साथ ही पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। गुमो छठ घाट पर समिति की इस अनूठी पहल ने न केवल व्रतियों के सम्मान का संदेश दिया, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सामूहिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत किया।

इन्हें भी पढ़ें.