ताज़ा-ख़बर

छात्रों से बातचीत को सरकार तैयार, बड़े सुधार की दिशा में बढ़ेंगे : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

रिपोर्ट: नूतन 21 घंटे पहलेझारखण्ड

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा गठित समिति छात्रों से संवाद का माध्यम है।

छात्रों से बातचीत को सरकार तैयार, बड़े सुधार की दिशा में बढ़ेंगे : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक बार फिर छात्रों से बातचीत की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार संवाद के लिए पूरी तरह तैयार है और छात्रों की समस्याओं को समझकर व्यापक सुधार की दिशा में कदम उठाना चाहती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा गठित समिति छात्रों से संवाद का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की बात सुनना चाहती है और उनकी चिंताओं का समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है।

हेमंत सोरेन ने कहा कि छात्रों की आवाज केवल जयपाल सिंह स्टेडियम तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सरकार चाहती है कि पूरे राज्य के छात्र-छात्राएं इस विषय पर अपनी राय रखें, ताकि प्रतियोगी परीक्षा व्यवस्था में व्यापक और स्थायी सुधार किए जा सकें। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े सुधार (रिफॉर्म) के साथ युवाओं की अपेक्षाओं के अनुरूप पारदर्शी और भरोसेमंद व्यवस्था विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

उल्लेखनीय है कि 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा समेत अन्य विवादित परीक्षाओं को रद्द करने और उनकी सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्र पिछले 14 दिनों से रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में धरने पर बैठे हैं। आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है और राजधानी का जयपाल सिंह स्टेडियम आंदोलन का प्रमुख केंद्र बन गया है।

सरकार की ओर से लगातार संवाद की पहल की जा रही है, जबकि आंदोलनकारी छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। ऐसे में अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि वार्ता के जरिए इस गतिरोध का समाधान निकलता है या आंदोलन और तेज होता है।

इन्हें भी पढ़ें.