लुगू बुरू को देश के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेगी सरकार : हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन के समापन समारोह में आदिवासी समाज से शिक्षा और एकजुटता का किया आह्वान, कहा- शैक्षणिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से सशक्त होना जरूरी

बोकारो। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को बोकारो के ललपनिया में आयोजित लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव एवं अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन के समापन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने आदिवासी समाज के लोगों से शिक्षा के प्रति जागरूक होने, अपने संवैधानिक एवं सामाजिक अधिकारों को समझने और आर्थिक रूप से सशक्त बनकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से भरपूर राज्य है। यहां से निकलने वाले खनिजों से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है, लेकिन विडंबना है कि जिन आदिवासियों की जमीन से खनिज संपदा निकाली जा रही है, वही समाज आज भी शैक्षणिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि समाज के समग्र उत्थान के लिए सभी को एकजुट और संगठित होना होगा। झारखंड की खनिज संपदा पर यहां के लोगों की भी हिस्सेदारी होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा को सामाजिक बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए कहा कि शिक्षा से समाज में शक्ति, उन्नति, मजबूती और सकारात्मक बदलाव आएगा। शिक्षित युवा अपने समाज और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।
पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा लुगू बुरू
मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ को देश के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि देशभर से आदिवासी समाज के लोग यहां आकर इसकी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जान सकें।
उन्होंने बताया कि इस स्थल पर संग्रहालय का निर्माण कराया जा रहा है। इससे नई पीढ़ी को आदिवासी समाज की पारंपरिक और पौराणिक विरासत को जानने-समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस धार्मिक स्थल के विकास के लिए प्रत्येक वर्ष प्रयास किए जा रहे हैं। महोत्सव के आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की जाती हैं और राज्य सरकार की ओर से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। समाज के उत्थान और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए आगे भी विभिन्न कार्य किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरना धर्म कोड के लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। वर्तमान में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया चल रही है और आगामी जनगणना का कार्य भी शुरू होने वाला है। ऐसे में समाज के लोगों को इन प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक और सजग रहने की आवश्यकता है।
तीन दिनों तक खिचड़ी प्रसाद का वितरण
मुख्यमंत्री ने बताया कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी राजकीय महोत्सव के अवसर पर उनके दिवंगत पूज्य पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन और दिवंगत माता रूपी सोरेन की पावन स्मृति में तीन दिवसीय खिचड़ी प्रसाद वितरण किया जा रहा है।
इससे पहले ललपनिया हेलीपैड पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को सलामी दी गई और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चमरा लिंडा, राज्य मंत्री फागू बेसरा, विधायक कल्पना सोरेन, सोमेश चंद्र सोरेन और उमाकांत रजक सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर ऊर्जा विभाग के सचिव के. श्रीनिवासन, आरसीसीएफ डॉ. आर. तांगा पंडीयान, उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना, आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन और उपाध्यक्ष लोबिन मुर्मू सहित झारखंड के विभिन्न जिलों तथा ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात और नेपाल से आए प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग मौजूद थे।