राजहरा सीसीएल कोलियरी में विस्फोटक पदार्थ भरे वाहन को महिलाओं ने जबरन रोका, महिला पुलिसकर्मियों पर किया हमला, जख्मी
पंड़वा थाना पुलिस ने छह नामजद व 35 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध किया प्राथमिकी दर्ज

मेदिनीनगर (पलामू) : राजहरा सेंट्रल कोलफील्ड लिमिटेड स्थित कोलियरी में 50 से अधिक महिलाओं सहित पुरुषों ने कोलियरी के खदान में ले जा रहे विस्फोटक पदार्थ से भरे वाहनों को रोक दिया। सीसीएल राजहरा कोलियरी के मैनेजर एमएम चतुर्वेदी ने महिलाओं व पुरुषों की मांगों को मानने का वायदा किया। वावजूद इसके स्थानीय महिलाओं ने विस्फोटक से भरे वाहन को रोक दिया। इस बीच महिला पुलिस कर्मियों ने वाहन को रोकने से मना किया। सभी महिलाएं पुलिस कर्मियों से बहस करते हुए हमला करने जैसी हरकत करते हुए उग्र हो गईं। स्थानीय महिलाओं ने महिला पुलिस कर्मियों पर हमला भी कर दिया।
इसमें पंड़वा थाना की महिला पुलिसकर्मी खुशबू कुमारी, आशा कुमारी व तारा देवी बुरी तरह जख्मी हो गईं। इसके साथ ही पुरूष पुलिस व पदाधिकारियों को भी भद्दी- भद्दी गालियां देने लगी। इस हमले में महिला पुलिस कर्मी खुशबू कुमारी का उंगली टूट गया है। जबकि आशा कुमारी के चेहरे व शरीर पर मारपीट व खरोच के निशान हैं। इसी तरह तारा देवी के शरीर व सर में अधिक चोट है।
हमला होने पर अफरातफरी मच गई। इस क्रम में विस्फोटक से भरे वाहन को खदान में ले जाया गया। लेकिन वहां भी पहुंचकर महिलाओं ने उग्र रूप धारण कर लिया। पंडवा पुलिस ने सरकारी कार्यों में बाधा डालने व पुलिस कर्मियों पर हमला करने के विरुद्ध सुमन कुमारी, संजू कुमारी, ममता देवी, पूनम देवी व रंजीत कुमार सहित 35 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज किया है।
स्थानीय महिलाओं का कहना था कि उनके घरों से सटे हुए क्षेत्र में विस्फोट किया जा रहा है। इससे उनके जान माल की क्षति होने की आशंका है। इसलिए किसी भी हाल में विस्फोटक से भरे वाहन को खदान में नहीं ले जाने देंगे।
बाक्स... बंगाल कोल कंपनी से सीसीएल ने कोल क्षेत्र की भूमि को कराया था अपने नाम हस्तांतरण : कोलियरी मैनेजर
मौके पर मौजूद सीसीएल के राजहरा कोलियरी मैनेजर एमएम चतुर्वेदी ने पूछे जाने पर बताया कि पूरा कोल क्षेत्र तत्कालीन बंगाल कोल कंपनी की थी। जिसे सीसीएल ने पूरी जमीन को अपने नाम पर हस्तांतरित कर कब्जे में ले लिया था। लेकिन कालांतर में कुछ लोग कमरा बनाकर रहने लगे। अब वे अपना हक समझ रहे हैं। वास्तव में खदान से सटे जमीन, जिसमें कमरा बनाकर कालांतर से रह रहे हैं, वह सीसीएल की जमीन है। बावजूद इसके ज्यादा दिन से घर बना कर रहने के कारण अटॉर्नी जनरल के निर्देश पर 20 लोगों को नौकरी व मुआवजा देने का प्रपोजल है। इसमें तीन लोगों को नौकरी दी जा चुकी है। 11 अन्य का नौकरी देने का फाइनल प्रपोजल पाइपलाइन में है। जबकि अन्य ने न तो कोई कागजात और न ही कोई आवेदन जमा किया है। उन्होंने बताया कि उन सभी के घरों से दूर व निर्धारित मानक की दूरी को मेंटेन कर खदान में विस्फोट किया जाता है। वह भी काफी नीचे होल कर सेफ्टी विशेषज्ञ द्वारा सुरक्षित विस्फोट कराया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय महिलाएं खदान से कोयला चोरी करने का प्रयास करती हैं। मना करने पर सिक्योरिटी गार्ड से उलझ जाती हैं। उन्होंने कहा कि खदान से कोयला चोरी करने के क्रम में अगर कोई हादसा हो जाए तो इसके लिए उन्हें जिम्मेवार ठहरा दिया जाएगा। और वे ऐसा होने नहीं देते हैं। अगर कोयला चोरी की छूट दे दी जाए तो किसी तरह का कोई मामला नहीं होगा। लेकिन ऐसा वे कतई नहीं होने देंगे। खदान से एक रोड़ा भी कोयला चोरी नहीं होने देंगे। इसके लिए वे प्रतिबद्ध हैं।