राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को दी जन्मदिन की बधाई
राज्यपाल ने कहा - राष्ट्र निर्माण में आडवाणी जी का योगदान अविस्मरणीय, उनके आदर्श हैं प्रेरणास्रोत

रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पूर्व उप प्रधानमंत्री और भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर बधाई संदेश साझा करते हुए लिखा कि राष्ट्र निर्माण में आपका योगदान अविस्मरणीय है। आपके आदर्श एवं जीवन-मूल्य सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं। राज्यपाल के इस संदेश में आडवाणी जी के राष्ट्रनिष्ठ नेतृत्व, राजनीतिक सिद्धांतों और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की झलक दिखी। उन्होंने कहा कि लालकृष्ण आडवाणी भारतीय राजनीति के उन शीर्ष नेताओं में से एक हैं जिन्होंने संगठन, सिद्धांत और संस्कारों के माध्यम से लोकतंत्र को सशक्त बनाया। बता दें कि लालकृष्ण आडवाणी भारतीय राजनीति के वरिष्ठतम नेताओं में से हैं जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके जन्मदिन के अवसर पर देशभर के राजनीतिक और सामाजिक वर्गों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।