बढ़ते अपराध पर कार्रवाई की मांग, कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर जय श्रीराम समिति की बैठक
लोहरदगा बंद के दौरान सहयोग करने वाले नागरिकों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

लोहरदगा। जय श्रीराम समिति की बैठक शनिवार को हटिया गार्डन स्थित जिला कार्यालय में परमेश्वर साहू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही 10 अगस्त को प्रस्तावित मोटरसाइकिल कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई। समिति के अध्यक्ष परमेश्वर साहू ने कहा कि हाल की आपराधिक घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। उन्होंने प्रशासन से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने लोहरदगा बंद के दौरान सहयोग करने वाले नागरिकों के प्रति आभार भी व्यक्त किया। कोर कमेटी सदस्य शैलेश कुमार कुशवाहा ने बताया कि सावन माह के अवसर पर 10 अगस्त को आयोजित होने वाली मोटरसाइकिल कांवड़ यात्रा को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई है। उन्होंने जिला, प्रखंड और नगर स्तर के पदाधिकारियों से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने और सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का आग्रह किया। बैठक के अंत में हाल ही में हुई सुमन साहू की हत्या पर शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। बैठक में जिला संरक्षक परमेश्वर साहू, सुषमा सिंह, लक्ष्मी नारायण भगत, शैलेश कुमार कुशवाहा, अजय सोनी, अनूप गुप्ता, ओम महतो, बजरंग करवा, अनुज कुमार, विक्की कसेरा, रामकुमार साहू, महिला अध्यक्ष इंदिरा प्रधान, पूर्णिमा वर्मा, जान्हवी गोयल, उदय महतो, गणेश साहू, गुड्डू साहू, बुद्धेश्वर उरांव, आदित्य कुमार साहू सहित प्रखंड, नगर एवं समिति के अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।