सरायकेला में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापना का हुआ भूमि पूजन, नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
शिबू सोरेन के विचार सदैव देंगे प्रेरणा, प्रतिमा बनेगी झारखंड आंदोलन की विरासत का प्रतीक

सरायकेला : झारखंड आंदोलन के महानायक एवं पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को सरायकेला जिला मुख्यालय स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में उनकी प्रस्तावित प्रतिमा स्थापना के लिए विधिवत भूमि पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के बीच संपन्न हुए अनुष्ठान का संचालन पंडित घासीराम सतपति ने किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, झारखंड मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गुरुजी को श्रद्धांजलि अर्पित की। झामुमो के केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने जल, जंगल, जमीन और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनके संघर्ष, विचार और जनसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करती रहेगी। वहीं झामुमो के वरिष्ठ नेता और शिक्षाविद प्रो. के. पी. सोरेन ने कहा कि प्रस्तावित प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं बल्कि झारखंड आंदोलन की गौरवशाली विरासत और सामाजिक न्याय के संघर्ष का स्थायी प्रतीक बनेगी। कार्यक्रम में इंचागढ़ विधायक सविता महतो, गणेश महाली, दांगी हेंब्रम, जिला अध्यक्ष शुभेंदु महतो, जिला उपाध्यक्ष भोला महंती, गणेश चौधरी, अविनाश कवि, कृष्णा राणा, विशु हेंब्रम, सुशीला तांती सहित कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।