ताज़ा-ख़बर

हजारीबाग को मिला पहला सामुदायिक एफएम रेडियो स्टेशन, 31 मई को होगा रेडियो जोहार 90.4 FM का शुभारंभ

रिपोर्ट: Anuj sinha2 घंटे पहलेझारखण्ड

रेडियो जोहार 90.4 FM प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बनेगा।

हजारीबाग को मिला पहला सामुदायिक एफएम रेडियो स्टेशन, 31 मई को होगा रेडियो जोहार 90.4 FM का शुभारंभ

हजारीबाग: हजारीबाग जिले को जल्द ही अपना पहला सामुदायिक एफएम रेडियो स्टेशन मिलने जा रहा है। रेडियो जोहार 90.4 FM का उद्घाटन 31 मई को दोपहर 2 बजे किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के लिए कृषि मंत्री नेहा शिल्पी तिर्की, मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद, उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त सहित कई गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है।

2019 में मिली थी अनुमति

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 18 सितंबर 2019 को हजारीबाग में सामुदायिक एफएम रेडियो स्टेशन स्थापित करने की अनुमति प्रदान की गई थी। रेडियो स्टेशन की स्थापना के लिए विभिन्न मंत्रालयों और विभागों से अनापत्ति एवं स्वीकृति सहित 15 चरणों की जटिल प्रक्रिया पूरी करनी होती है। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और स्टेशन का टेस्ट प्रसारण भी सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है।

हजारीबाग की आवाज बनेगा रेडियो जोहार

रेडियो जोहार 90.4 FM का मुख्य उद्देश्य हजारीबाग की स्थानीय संस्कृति, समस्याओं, उपलब्धियों और जरूरतों को केंद्र में रखकर कार्यक्रमों का प्रसारण करना है। इसमें किसान, छात्र, महिलाएं, व्यापारी, छोटे कारोबारी, श्रमिक, जनप्रतिनिधि, सरकारी अधिकारी और आम नागरिक सीधे भाग ले सकेंगे।

रेडियो के माध्यम से लोगों को कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सरकारी योजनाओं, स्थानीय व्यापार, संस्कृति और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी जानकारियां निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक प्रसारित किए जाएंगे।

स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच

रेडियो जोहार स्थानीय कलाकारों, गायकों, लोक संस्कृति से जुड़े लोगों और उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगा। जिले की लोक कला, परंपराएं और सांस्कृतिक धरोहर को व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।

व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

रेडियो स्टेशन स्थानीय व्यापारिक प्रतिष्ठानों, दुकानों, मॉल और शोरूम को अपने उत्पादों और सेवाओं के प्रचार-प्रसार का नया माध्यम उपलब्ध कराएगा। साथ ही जिले के पर्यटन स्थलों, धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के स्थानों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचेगी, जिससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

प्रशासन और जनता के बीच बनेगा सेतु

रेडियो जोहार 90.4 FM प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बनेगा। सरकारी योजनाओं की जानकारी, जनसमस्याओं का उठान, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सौहार्द बढ़ाने में यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से लोगों की समस्याएं संबंधित अधिकारियों तक पहुंच सकेंगी और योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति भी सामने आ सकेगी।

रेडियो जोहार का सिटी ऑफिस आनंदपुरी में स्थापित किया गया है, ताकि आम नागरिक आसानी से अपनी बात, सुझाव और प्रतिभा के साथ इस मंच से जुड़ सकें। यह सामुदायिक रेडियो हजारीबाग की आवाज बनकर जिले के विकास, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता को नई दिशा देने का काम करेगा।

इन्हें भी पढ़ें.