ताज़ा-ख़बर

भंडरा में दो दिन की मूसलाधार बारिश से तापमान 12 डिग्री गिरा, जलजमाव से बढ़ी परेशानी

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

बारिश के बाद किसान खेतों की जुताई कर भदई एवं खरीफ फसलों की बुआई की तैयारी में जुट गए हैं।

भंडरा में दो दिन की मूसलाधार बारिश से तापमान 12 डिग्री गिरा, जलजमाव से बढ़ी परेशानी

भंडरा। पिछले दो दिनों से सुबह के समय हो रही मूसलाधार बारिश ने भंडरा प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों का मौसम पूरी तरह बदल दिया है। लगातार बारिश के चलते तापमान में करीब 12 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया।

हालांकि, बारिश के साथ क्षेत्र में जलजमाव की समस्या भी गंभीर रूप से सामने आई है। बरसात से पहले नालियों की समुचित सफाई नहीं होने के कारण भंडरा मुख्य पथ, मुख्य बस्ती बाजार रोड, पुराने थाना क्षेत्र तथा बाजार जाने वाली सड़कों पर पानी जमा हो गया है। जल निकासी बाधित होने से दुकानदारों, स्थानीय निवासियों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर बहता और ठहरा पानी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है।

दूसरी ओर, यह बारिश किसानों के लिए राहत और उम्मीद लेकर आई है। बारिश के बाद किसान खेतों की जुताई कर भदई एवं खरीफ फसलों की बुआई की तैयारी में जुट गए हैं। मौसम विभाग द्वारा इस वर्ष औसत से कम वर्षा की आशंका जताए जाने के कारण किसान पहली बारिश का पूरा लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं और समय रहते खेत तैयार कर रहे हैं।

इधर, खाद और बीज विक्रेताओं ने भी मानसून को देखते हुए अपनी तैयारी पूरी कर ली है। बाजार में विभिन्न फसलों के बीज और खाद का पर्याप्त भंडारण किया गया है तथा दुकानदार किसान ग्राहकों के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।

बारिश ने जहां एक ओर गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलते हुए प्रशासन के सामने नई चुनौती भी खड़ी कर दी है।

इन्हें भी पढ़ें.