सरायकेला सदर अस्पताल में "स्वस्थ नारी सशक्त परिवार" अभियान का शुभारंभ
महिलाओं के लिए 15 दिन तक चलेगा विशेष स्वास्थ्य जांच अभियान, पूर्व सीएम चंपई सोरेन रहे शामिल

सरायकेला : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को सरायकेला सदर अस्पताल में "स्वस्थ नारी सशक्त परिवार" अभियान का शुभारंभ किया गया। दीप प्रज्ज्वलित कर इस अभियान की शुरुआत स्थानीय विधायक सह पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा और सिविल सर्जन डॉ. सरयु प्रसाद सिंह ने की। डॉ. सरयु प्रसाद सिंह ने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक लगातार 15 दिनों तक चलेगा। इसके तहत महिलाओं की व्यापक स्वास्थ्य जांच की जाएगी, जिसमें शुगर, ओरल कैंसर, स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की स्क्रीनिंग, किशोरियों में एनीमिया जांच और महिलाओं की टीबी जांच शामिल है। इसके लिए मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और सीएचसी में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीमें तैनात रहेंगी। डीडीसी रीना हांसदा ने स्वास्थ्य कर्मियों से आग्रह किया कि अधिक से अधिक गर्भवती और ग्रामीण महिलाओं को जांच का लाभ दिलाएं। सोनाराम बोदरा ने अभियान की सफलता के लिए जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की। पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और सशक्त राष्ट्र का आधार है। 2047 तक विकसित भारत बनाने के प्रधानमंत्री के सपने को यह अभियान मजबूती देगा। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि सनत आचार्य, स्वास्थ्य कर्मी, डॉक्टर और एनएम दीदियां बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।