ताज़ा-ख़बर

दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, कार सवार पांच की मौत

रिपोर्ट: VBN News Desk2 घंटे पहलेझारखण्ड

खाई से क्षतिग्रस्त वाहन को निकालने तथा शवों को बाहर लाने की प्रक्रिया देर रात तक जारी रही।

दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, कार सवार पांच की मौत

By Manish Sinha

चौपारण(हजारीबाग): कुख्यात दनुआ घाटी में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे कार सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार (संख्या JH 10 CU 3472) बिहार की ओर जा रही थी। इसी दौरान घाटी के घुमावदार रास्ते पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार संतुलन खो बैठी और सीधे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूत्रों के मुताबिक, कार में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, एक महिला और दो छोटे बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। खाई से क्षतिग्रस्त वाहन को निकालने तथा शवों को बाहर लाने की प्रक्रिया देर रात तक जारी रही। दनुआ घाटी में लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि घाटी क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। खबर लिखे जाने तक किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टी नही की जा सकी।

इन्हें भी पढ़ें.