मैं नेता नहीं आदित्यपुर का बेटा हूं - नामांकन के बाद रमेश बालमुचू का भावुक संबोधन
अपराधमुक्त, भ्रष्टाचारमुक्त और सुरक्षित शहर का संकल्प लेकर मैदान में उतरे मेयर प्रत्याशी रमेश बालमुचू

आदित्यपुर : झारखंड प्रदेश में होने जा रहे नगर निकाय चुनाव को लेकर आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में मेयर (महापौर) पद के प्रत्याशी रमेश बालमुचू ने नामांकन दाखिल करने के बाद जनता से सीधा संवाद करते हुए खुद को नेता नहीं बल्कि आदित्यपुर नगर निगम का बेटा बताया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य नगर को सुंदर, सुरक्षित, अपराधमुक्त, नशामुक्त और भ्रष्टाचारमुक्त बनाना है। नामांकन के उपरांत पत्रकारों से बातचीत में रमेश बालमुचू ने कहा कि क्षेत्रवासियों से उन्हें जो अपार प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है उससे वे अभिभूत हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई अब उनकी व्यक्तिगत नहीं बल्कि नगर निगम क्षेत्र में रहने वाले प्रत्येक नागरिक की है और जनता का भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने बीते आठ वर्षों में नगर निगम क्षेत्र में खर्च हुई सैकड़ों करोड़ की राशि पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसके बावजूद आज भी बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। चुनाव जीतने के बाद प्रत्येक चौक-चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था होगी और नागरिकों के लिए टोल फ्री नंबर उपलब्ध कराया जाएगा। जल संकट को गंभीर मुद्दा बताते हुए उन्होंने हर घर नल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। नामांकन के दौरान समर्थकों ने जुलूस की शक्ल में समाहरणालय पहुंचकर रमेश बालमुचू के प्रति अपना समर्थन और आशीर्वाद प्रकट किया।