सरायकेला में पारिवारिक रंजिश में सौतेले भाई ने की पत्थर से कुचलकर भाई की हत्या, खेत में मिला शव
जमीन और संपत्ति को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था जो इस खौफनाक घटना का कारण बना।

सरायकेला-खरसावां : जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत केंद्रपोसी गांव में एक पारिवारिक विवाद ने मंगलवार को खूनी मोड़ ले लिया। 50 वर्षीय लक्ष्मण हेंब्रम की हत्या उनके ही सौतेले भाइयों द्वारा कर दी गई। मृतक का शव रंगपुर गांव के पास खेत में पड़ा मिला जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों के मुताबिक, लक्ष्मण हेंब्रम अपने खेत में चल रहे ट्रैक्टर को देखने गए थे तभी पहले से घात लगाए बैठे सौतेले भाई मनोज हेंब्रम और मदन हेम्ब्रम ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर उन्हें पत्थर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के अनुसार लक्ष्मण हेंब्रम के पिता ने तीन विवाह किए थे। पहली पत्नी से लक्ष्मण और तीसरी पत्नी से मनोज का जन्म हुआ था। जमीन और संपत्ति को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था जो इस खौफनाक घटना का कारण बना। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल सरायकेला थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मुख्य आरोपी मनोज हेंब्रम की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।