काठीकुंड में तेज रफ्तार हाईवा ने बोलेरो को मारी जोरदार टक्कर, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम; एक घंटे बाद आवागमन हुआ सामान्य

दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर काठीकुंड थाना क्षेत्र के गांधी चौक के समीप शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कोयला खाली हाईवा ने बोलेरो कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार लोग बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि टक्कर के कारण बोलेरो कार क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर के बाद हाईवा चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों एवं कार मालिक में आक्रोश फैल गया।
हादसे से नाराज कार मालिक और स्थानीय ग्रामीणों ने गांधी चौक के पास दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण नहीं है, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से भारी वाहनों की गति पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की।
सड़क जाम के कारण दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। खासकर कोयला एवं मालवाहक ट्रकों की आवाजाही प्रभावित हुई, जिससे कुछ समय के लिए यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही काठीकुंड थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों और कार मालिक को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू की गई और फरार हाईवा चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस एवं स्थानीय लोगों की पहल के बाद करीब दोपहर 1 बजे के आसपास सड़क जाम हटा लिया गया, जिसके बाद दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर तेज रफ्तार से चलने वाले भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।