ताज़ा-ख़बर

बगडू थाना परिसर में नव निर्मित शिव-हनुमान मंदिर का लोकार्पण, एसपी सादिक अनवर रिजवी ने की प्राण प्रतिष्ठा

रिपोर्ट: Roshan Sahdeo3 घंटे पहलेझारखण्ड

जन-पुलिस संबंधों को मिली नई मजबूती, वैदिक मंत्रोच्चार और भंडारे के साथ संपन्न हुआ धार्मिक आयोजन

बगडू थाना परिसर में नव निर्मित शिव-हनुमान मंदिर का लोकार्पण, एसपी सादिक अनवर रिजवी ने की प्राण प्रतिष्ठा

लोहरदगा : जिले के बगडू थाना परिसर में नव निर्मित शिव-हनुमान मंदिर का लोकार्पण बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के बीच भगवान शिव और श्रीहनुमान जी की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) श्रद्धा केरकेट्टा ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना कर मंदिर का विधिवत उद्घाटन किया। प्राण प्रतिष्ठा के बाद पुलिस अधीक्षक, एसडीपीओ, पुलिस पदाधिकारियों, जवानों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने सामूहिक आरती में भाग लिया। इसके उपरांत सभी श्रद्धालुओं के बीच भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया। पूरे थाना परिसर में हर-हर महादेव और जय श्रीराम, जय बजरंगबली के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में बगडू एवं आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और जनभागीदारी का भी अनूठा दृश्य देखने को मिला। भंडारे में सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया जिससे सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश भी प्रसारित हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के माध्यम से पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग का रिश्ता और मजबूत होता है। स्थानीय लोगों ने थाना परिसर में मंदिर निर्माण एवं उसके लोकार्पण को एक सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि यह मंदिर न केवल श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनेगा बल्कि क्षेत्र में सामाजिक सद्भाव, आध्यात्मिक वातावरण और जन-पुलिस संबंधों को भी नई मजबूती प्रदान करेगा। कार्यक्रम का समापन शांतिपूर्ण वातावरण में हुआ जहां उपस्थित श्रद्धालुओं ने मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियों के संचालन की कामना करते हुए आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

इन्हें भी पढ़ें.