बगडू थाना परिसर में शिव-हनुमान मंदिर का लोकार्पण, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई प्राण प्रतिष्ठा
एसपी सादिक अनवर रिजवी और एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने किया उद्घाटन, सामूहिक आरती व भंडारे में पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने लिया हिस्सा

लोहरदगा। जिले के बगडू थाना परिसर में नवनिर्मित शिव-हनुमान मंदिर में भगवान शिव एवं श्रीहनुमान जी की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा एवं मंदिर के विधिवत लोकार्पण का कार्यक्रम बुधवार को श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) श्रद्धा केरकेट्टा ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ एवं बजरंगबली की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा कर मंदिर का उद्घाटन किया। इसके पश्चात दोनों अधिकारियों ने पुलिस पदाधिकारियों, जवानों तथा स्थानीय ग्रामीणों के साथ सामूहिक आरती में भाग लिया और सभी श्रद्धालुओं के बीच भंडारे का प्रसाद वितरित किया।
उद्घाटन समारोह में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे थाना परिसर में भक्ति, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव और श्रीहनुमान जी के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के उपरांत आयोजित भंडारे में सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों की सहभागिता ने सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द और जन-पुलिस के बेहतर संबंधों का संदेश दिया। स्थानीय लोगों ने बगडू थाना परिसर में मंदिर निर्माण एवं उसके लोकार्पण को क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायी पहल बताते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह मंदिर धार्मिक आस्था का केंद्र बनने के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव और जनसहभागिता को भी मजबूती प्रदान करेगा।