8 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करेगा इंडिया गठबंधन : बिमला कुमारी
अंबेडकर पार्क में संविधान के अनुच्छेद 326 की लेंगे शपथ, छह मुहान चौक पर होगा पुतला दहन

मेदिनीनगर (पलामू) : इंडिया महागठबंधन ने एसआईआर के मुद्दे को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। मंगलवार को मेदिनीनगर में पलामू जिला कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष बिमला कुमारी के नेतृत्व में महागठबंधन के घटक दलों की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में 8 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में प्रदर्शन व पुतला दहन करने की घोषणा की गई। कार्यक्रम के दौरान अंबेडकर पार्क में संविधान के अनुच्छेद 326 की शपथ लेने के साथ सामूहिक रूप से राष्ट्रगान भी गाया जाएगा।
पलामू जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष बिमला कुमारी ने कहा कि एसआईआर के नाम पर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आवेदन फार्म में नए तरीके से घोषणा पत्र जोड़कर मतदाताओं, विशेषकर नए मतदाताओं को परेशान करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार संविधान ने दिया है। इस अधिकार को किसी भी परिस्थिति में कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। बिमला कुमारी ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों के जिला स्तरीय नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त की कथित कार्यप्रणाली के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने और इसे आम लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेताओं ने केंद्र की एनडीए सरकार पर संविधान की मूल भावना के विपरीत कार्य करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन संघर्ष जारी रखेगा। नेताओं ने केंद्र सरकार को विभिन्न मोर्चों पर विफल बताते हुए कहा कि जब तक सरकार को सत्ता से हटाया नहीं जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
शाम चार बजे अंबेडकर पार्क में जुटेंगे कार्यकर्ता
बिमला कुमारी ने बताया कि 8 अक्टूबर को शाम चार बजे इंडिया गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता अंबेडकर पार्क में एकत्रित होंगे। यहां संविधान के अनुच्छेद 326 की शपथ ली जाएगी। इसके बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया जाएगा। राष्ट्रगान के बाद सभी कार्यकर्ता जुलूस के रूप में छह मुहान चौक पहुंचेंगे। वहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजद जिलाध्यक्ष धनंजय पासवान, भाकपा जिला सचिव रुचिर तिवारी, माकपा माले के रविंद्र भुईयां, सैयद समी अहमद, नर्वदेश्वर सिंह, वीरेंद्र उपाध्याय सहित महागठबंधन के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।