साकची गुरुद्वारा बस्ती में एक माह से जाम तीन ड्रेनेज होल, गंदे पानी और बदबू से लोग परेशान
जेएनएसी और जुस्को एक-दूसरे पर डाल रहे जिम्मेदारी, बीमारी के खतरे के बीच उग्र आंदोलन की चेतावनी

जमशेदपुर : साकची गुरुद्वारा बस्ती के ए जोन स्थित भगत सिंह गली में जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। गली में तीन ड्रेनेज होल करीब एक महीने से जाम हैं जिससे सीवरेज का दूषित पानी लगातार बह रहा है। गंदे पानी और तेज बदबू के कारण लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चे और अन्य निवासी आए दिन बीमार पड़ रहे हैं। हाल के दिनों में इलाके में डेंगू के मामले सामने आने से भी लोगों की चिंता बढ़ी है। बुधवार को भगत सिंह गली के निवासियों ने प्रभावित क्षेत्र में बैठक कर व्यवस्था के प्रति नाराजगी जताई। स्थानीय हरविंदर सिंह और जगतार सिंह ने कहा कि शिकायत लेकर जेएनएसी जाने पर जुस्को का क्षेत्र बताकर मामला टाल दिया जाता है जबकि जुस्को कार्यालय में जाने पर इसे जेएनएसी की जिम्मेदारी बताया जाता है। सरबजीत सिंह टॉबी ने कहा कि स्थानीय लोग लंबे समय से संबंधित विभागों और प्रशासन से समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। सड़क, नाली और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त किए बिना समस्या का समाधान संभव नहीं है। सुशील बंसल ने बताया कि काशीडीह स्थित जुस्को कार्यालय में भी समस्या से अवगत कराया गया लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। न्यू कालीमाटी रोड पर काशीडीह मोड़ के समीप होटल नील कमल के बगल का क्षेत्र भी सीवरेज के गंदे पानी से प्रभावित है। बरसात में पानी घरों में घुसने की समस्या बताई गई है। बस्ती में 25 से अधिक परिवार रहते हैं। लोगों ने साफ-सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था शीघ्र दुरुस्त नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। बैठक में मुख्यरूप से जगतार सिंह, अमृतपाल सिंह, सुशील बंसल, शिवम, जसबीर सिंह, सरबजीत सिंह टॉबी, हरजीत सिंह, गुरपाल सिंह पिंटू, बनमाली, अमरीक सिंह बिट्टू, हरविंदर सिंह, हरपाल सिंह, शरणप्रीत सिंह, रेशम सिंह, रंजीत सिंह, मनप्रीत सिंह, जगप्रीत सिंह, जगजीत सिंह, विनय अरोड़ा सोनू शामिल हुए।