ताज़ा-ख़बर

कुकड़ू में प्रस्तावित स्वास्थ्य केंद्र का स्थल बदलने का विरोध, चयनित जमीन पर निर्माण की मांग

रिपोर्ट: MANISH 3 घंटे पहलेझारखण्ड

9 पंचायतों के मध्य सर्वसम्मति से चुनी गई जमीन पर ही बने स्वास्थ्य केंद्र, सांसद से हस्तक्षेप की मांग

कुकड़ू में प्रस्तावित स्वास्थ्य केंद्र का स्थल बदलने का विरोध, चयनित जमीन पर निर्माण की मांग

सरायकेला-खरसावां : कुकड़ू प्रखंड में प्रस्तावित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण स्थल को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की कवायद का स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विरोध किया है। इस संबंध में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने रांची के सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को आवेदन सौंपकर चयनित स्थल पर ही निर्माण कार्य कराने की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि वर्ष 2009 में ईचागढ़ की पांच तथा नीमडीह प्रखंड की चार पंचायतों को अलग कर कुकड़ू को नया प्रखंड बनाया गया था। करीब 16 वर्ष बाद भी कुकड़ू प्रखंड की बड़ी आबादी को आकस्मिक दुर्घटना और गंभीर बीमारी की स्थिति में नीमडीह, ईचागढ़ अथवा पश्चिम बंगाल के बाघमुंडी क्षेत्र में इलाज के लिए 30 से 40 किलोमीटर तक जाना पड़ता है। आवेदन के अनुसार स्वास्थ्य केंद्र भवन के लिए सरकारी जमीन का सत्यापन, टेंडर, संवेदक चयन और कार्यादेश की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। 26 मई 2026 को जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से चयनित स्थल पर शिलापट्ट का अनावरण करते हुए शिलान्यास भी किया गया था। इसके बावजूद निर्माण स्थल को बदलने की प्रक्रिया शुरू किए जाने पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। आवेदन में कहा गया है कि चयनित स्थल भौगोलिक एवं यातायात की दृष्टि से उपयुक्त है और नौ पंचायतों के बीच स्थित होने के कारण आम ग्रामीणों के लिए सुविधाजनक है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मांग की है कि सर्वसम्मति से चयनित स्थल पर ही स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण कराया जाए और इसे अन्यत्र स्थानांतरित नहीं किया जाए। आवेदन के माध्यम से सांसद से मामले में हस्तक्षेप करते हुए चयनित स्थल पर ही निर्माण कार्य शुरू कराने की पहल करने का आग्रह किया गया है।

इन्हें भी पढ़ें.