मिस इंडिया 2026 बनीं जमशेदपुर की बेटी श्रेया अधरजी, शहर में खुशी की लहर
गाजुड़ ट्रस्ट और गृहरक्षा वाहिनी लोक सेवक संघ ने किया भव्य स्वागत, युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा

जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर की बेटी और गोल्ड मेडलिस्ट श्रेया अधरजी ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए मिस इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ (बाराबंकी) में आयोजित प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर शहर में खुशी की लहर है। रविवार को सोनारी आदर्श नगर स्थित उनके आवास पर गृहरक्षा वाहिनी लोक सेवक संघ और सामाजिक संस्था गाजुड़ ट्रस्ट की ओर से श्रेया अधरजी का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता कमल कुमार शर्मा, संगठन सचिव दिनेश कुमार यादव, गाजुड़ ट्रस्ट के निर्देशक जन्मेजय सरदार और अभिषेक कुमार यादव ने उन्हें अंगवस्त्र और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। जमशेदपुर के स्थानीय पत्रकार अभिजीत अधरजी की पुत्री श्रेया ने अपनी सफलता का श्रेय मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में कोरोना काल के दौरान फिटनेस के लिए जिम जाना शुरू किया था जो धीरे-धीरे उनका जुनून बन गया। बीते छह वर्षों में उन्होंने दो बार राज्य स्तर और तीन बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कई पदक जीते। कमल कुमार शर्मा ने कहा कि श्रेया की सफलता पूरे राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। वहीं जन्मेजय सरदार ने कहा कि श्रेया ने अपनी मेहनत और लगन से खुद की अलग पहचान बनाई है। उनकी उपलब्धि ने साबित कर दिया कि झारखंड की प्रतिभाएं किसी से कम नहीं हैं।