ताज़ा-ख़बर

क्रिस गेल की कप्तानी में खेलेंगे जमशेदपुर के प्रिंस अज़हर, बिग क्रिकेट लीग सीज़न-2 का 3 जून से आगाज़

रिपोर्ट: MANISH 49 मिनट पहलेखेल

देशभर के 25 हजार खिलाड़ियों में चुने गए झारखंड के सितारे, बिग क्रिकेट लीग में दिखेगा इंटरनेशनल क्रिकेट का रोमांच

क्रिस गेल की कप्तानी में खेलेंगे जमशेदपुर के प्रिंस अज़हर, बिग क्रिकेट लीग सीज़न-2 का 3 जून से आगाज़

जमशेदपुर : क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। देश की चर्चित बिग क्रिकेट लीग (BCL) का दूसरा सीज़न आगामी 3 जून से दिल्ली में शुरू होने जा रहा है। इस बार लीग में झारखंड और खासकर जमशेदपुर के खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिलेगा। शहर के युवा क्रिकेटर प्रिंस अज़हर को नॉर्दर्न चैलेंजर्स टीम में जगह मिली है जहां वे वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज और विश्व क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस गेल की कप्तानी में खेलते नजर आएंगे। अज़हर का चयन होने से झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह है। नॉर्दर्न चैलेंजर्स टीम में श्रीलंका के पूर्व कप्तान तिलकरत्ने दिलशान, भारत की विश्व विजेता टीम के सदस्य एस. श्रीसंत समेत कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं। ऐसे में इस सीज़न को पहले से अधिक रोमांचक और प्रतिस्पर्धी माना जा रहा है। बिग क्रिकेट लीग सीज़न-2 में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी। लीग की खास बात यह है कि इसमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सितारों के साथ देशभर के प्रतिभाशाली स्थानीय खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। जमशेदपुर के प्रिंस अज़हर के अलावा शहर के दो अन्य खिलाड़ी विशाल प्रसाद और शुभम सिंह का भी चयन इस प्रतिष्ठित लीग के लिए हुआ है। जानकारी के अनुसार भारत के 16 बड़े शहरों में आयोजित फिजिकल और डिजिटल ट्रायल में देशभर के लगभग 25 हजार से अधिक क्रिकेटरों ने हिस्सा लिया था। कड़े चयन प्रक्रिया के बाद कुल 60 खिलाड़ियों को लीग के लिए चुना गया। ऐसे में झारखंड के खिलाड़ियों का चयन राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस सीज़न में कई बड़े अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सितारे भी मैदान में उतरेंगे। इनमें वेस्टइंडीज के क्रिस गेल, भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन, ऑलराउंडर इरफान पठान, दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह, न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल, श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज, थिसारा परेरा और भारतीय खिलाड़ी पवन नेगी जैसे नाम शामिल हैं। बिग क्रिकेट लीग में जमशेदपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और वर्तमान में झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के सचिव सौरभ तिवारी के भी MP Tigers टीम से खेलने की संभावना जताई जा रही है। इससे राज्य के क्रिकेट प्रशंसकों में लीग को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है। प्रिंस अज़हर ने कहा कि क्रिस गेल जैसे विश्वस्तरीय खिलाड़ी की कप्तानी में खेलने का अवसर उनके लिए गर्व और सीखने का बड़ा मौका है। उन्होंने कहा कि वे इस मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड और जमशेदपुर का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगे। गौरतलब है कि अज़हर बिग क्रिकेट लीग के पहले सीज़न में भी खेल चुके हैं। उस समय वे भारत के पूर्व ऑलराउंडर यूसुफ पठान की कप्तानी वाली MP Tigers टीम का हिस्सा थे। लीग के कमिश्नर और भारत के पूर्व कप्तान दिलीप वेंगसरकर, लीग प्रेसिडेंट एवं पूर्व तेज गेंदबाज रुद्र प्रताप सिंह, वेस्टइंडीज के महान गेंदबाज कोर्टनी वाल्श तथा लीग के को-फाउंडर अनिरुद्ध चौहान ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए सफल टूर्नामेंट की शुभकामनाएं दी हैं।

इन्हें भी पढ़ें.